सुल्तानपुर : लोकसभा चुनाव प्रभु राम एवं मोदी के बीच सिमटाः योगी 

सीएम योगी आदित्यनाथ गठबंधन पर खूब बरसे, कादीपुर में मेनका गांधी के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित 

सुल्तानपुर : लोकसभा चुनाव प्रभु राम एवं मोदी के बीच सिमटाः योगी 

घनश्याम मिश्र, सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रभु राम एवं मोदी के बीच सिमट गया है। जिससे सपा एवं कांग्रेस सकते में आ गई है। जो 400 सीटों पर भी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, वे सरकार क्या बनाएंगे। जनता का नारा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। मुख्यमंत्री बुधवार को भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के समर्थन में कस्बे के जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि सुलतानपुर के लोग सौभाग्यशाली हैं कि यहां मेनका गांधी जैसी लोकप्रिय सांसद हैं। अपने 25 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा एवं कांग्रेस के लोग आपके धन एवं आरक्षण को समाप्त कर मुसलमानों को देना चाहते हैं। जबकि, डॉ आंबेडकर ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होना चाहिए। आम जनमानस से प्रश्न करते हुए कहा कि क्या आप देश एवं समाज को तोड़ने वाली सरकार चाहते हैं। जनसभा से उत्तर मिला नहीं। देश की एकता को मजबूत करने वाली सरकार चाहते हैं। आज मोदी जी के नेतृत्व में विश्व में भारत की शक्ति बढ़ी है और दुश्मन भी भयभीत है। सपा के कार्यकाल में गुंडे माफिया हावी थे। आज उनकी कमर टूट गई है। मोदी जी देश के गरीबों के लिए चिंतित रहते हैं। 

जनसभा योगीककक

नई सरकार बनते ही महिलाओं के खाते में जाएंगे 12 हजार 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नई सरकार बनते ही हर महिला के खाते में 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष भेजे जाएंगे। 70 वर्ष के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी। मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का नया परिवेश तैयार होगा। किसान ,मजदूर, व्यवसायी सभी खुशहाल होंगे। 4 करोड लोगों को आवास की सुविधा दी गई है। सरकार बनते ही एक करोड़ गरीबों को आवास प्रदान किया जाएगा।

विपक्ष को बताया भस्मासुर 

सीएम ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके अंदर भस्मासुर की आत्मा बसती है। ये लोग देश में ही खालिस्तान, पाकिस्तान एवं बांग्लादेश बनाना चाहते हैं। आप लोग अपने वोट की ताकत से  इन भस्मासुरों को नष्ट करें। मोदी जी के नेतृत्व में एक सशक्त भारत का निर्माण करें। देश के विभिन्न अंचलों से एक ही आवाज आ रही है कि अबकी बार मोदी सरकार। 

जनसभा भीड़ कककक

अधिक मतदान को किया प्रेरित 

मंच से भाषण के दौरान सीएम ने लोगों का आवाहन करते हुए कहा कि बचे हुए दो दिनों में आप लोग घर-घर संपर्क कर मतदान के दिन 25 मई को सात बजे बूथ पर पहुंचने के लिए प्रेरित करे। मतदाताओं को बताए कि कमल की बटन दबाकर मेनका गांधी को भारी मतों से विजई बनाएं। इसके पहले प्रत्याशी मेनका गांधी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मैं भाजपा रूपी मशीन का एक पुर्जा हूं। पार्टी का जो निर्देश होता है, मैं वही करती हूं।

जनसभा को विधायक राजेश गौतम, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री जय नारायण तिवारी, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश निषाद, सुभासपा के जिला अध्यक्ष अरविंद राजभर, करुणा शंकर द्विवेदी, डॉ सीताशरण त्रिपाठी, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, सुशील त्रिपाठी, संत बक्श सिंह चुन्नू, ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, मीना चौबे, राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका सुलतानपुर के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, नगर पंचायत कादीपुर के अध्यक्ष आनंद जायसवाल, सचिन चोपड़ा आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आल्हा सम्राट फौजदार सिंह का आल्हा गायन कार्यक्रम भी हुआ। सभा का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू ने किया।

समर्थक की मौत पर जताया दुख 

कादीपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में आ रहे करौंदीकला के हिंदुआबाद निवासी रामसिंगार निषाद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जनसभा में अपने भाषण की शुरूआत करते ही योगी ने गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया। कहा कि शासन और सत्ता हर स्तर पर मृतक परिवार के साथ है।