रुद्रपुर: तीन माह की गर्भवती प्रभा मौत प्रकरण में हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में तीन माह की गर्भवती नवविवाहिता प्रभा मौत प्रकरण में परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतका के पिता का आरोप था कि दहेज नहीं देने पर बेटी को मार कर लटका दिया गया। पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं परिजन तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं।

बताते चलें कि मूलरूप से शरीफ नगर बहेड़ी यूपी निवासी नुक्ता प्रसाद ने अपनी 24 साल की बेटी प्रभा की शादी एक साल पहले शिव नगर थाना ट्रांजिट कैंप निवासी मोहन कुमार के साथ की थी। शादी के कुछ माह तक सब कुछ ठीक रहा। मगर मंगलवार की देर शाम दंपत्ति में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और थोड़ी देर बाद देखा तो प्रभा फंदे पर लटकी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता नुक्ता प्रसाद का कहना था कि उसकी बेटी तीन माह की गर्भवती थी और दामाद बार-बार बेटी पर दहेज लाने का दबाव बना रहा था। जिसकी सूचना बेटी ने अपनी मां को दी थी। पत्नी जब तक रुद्रपुर पहुंचती बेटी की हत्या कर लटका दिया गया। मृतका के पिता ने थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की। उधर, पुलिस ने मृतक के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आईपीएस प्रशिक्षु एवं सीओ सदर निहारिका तोमर ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। यदि कोई शिकायती पत्र आता है तो पुलिस आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार