UP: धनतेरस पर खूब हुई धनवर्षा...जीएसटी से राहत मिली तो कारों और बाइकों की बिक्री बढ़ी
रामपुर, अमृत विचार। धनतेरस पर बाजारों में करोड़ों का कारोबार हुआ। रामपुर जिले में 300 करोड़ रुपये धनवर्षा का अनुमान है। जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। सर्राफा कारोबारियों ने नए-नए डिजाइन के आभूषण करीब तीन माह पहले से तैयार कराने शुरू कर दिए थे। वहीं जीएसटी घटने से कार और बाइकों की बिक्री में भी उछाल आया है।
सोना महंगा होने के कारण उसकी चमक कुछ फीकी पड़ी है इसके बावजूद महिलाओं ने खूब आभूषण खरीदे। धनतेरस पर राजद्वारा से सर्राफा बाजार तक खूब सजावट की गई है। इसके अलावा ज्वालानगर और रेलवे स्टेशन के सामने गुरुद्वारा रोड को भी खूब सजाया गया। बाजारों में सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ने लगी, राजद्वारा, मिस्टन गंज, बाजार सफदर गंज, बर्तन बाजार, सर्राफा बाजार में लोगों ने खूब खरीदारी की। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ देर शाम तक उमड़ी। साहूकारा सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष संजय पाठक ने बताया कि सोना महंगा होने के कारण कम वजन में आकर्षक सेट तैयार कराए गए थे। अधिकांश लोगों ने कम वजन के सोने के आभूषण खरीदे हैं।
सिक्के की कीमत भी 2000 रुपये से ऊपर रही। बताते हैं कि धनतेरस पर जिले भर में करीब 70 से 80 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। साहूकारा सर्राफा कमेटी के उपाध्यक्ष मुकेश आर्य बताते हैं कि कारोबार में मंदी रही है। दुकानों पर ग्राहक तो बहुत आए लेकिन, उनमें खरीदार बहुत कम थे। आरएन मोटर्स के संचालक निर्मल सिंह ने बताया कि इस वर्ष जीएसटी घटने से बाइक कारोबार में उछाल आया है। जिले भर में ट्रैक्टर और बाइक का करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार का अनुमान है। बर्तन कारोबारी अनिल अग्रवाल बताते हैं कि स्टील और पीतल के बर्तनों की खूब बिक्री हुई है। बताते हैं कि जिले में बर्तन का करोड़ों का कारोबार होने का अनुमान है। इसके अलावा कार कारोबार में भी उछाल आया है। जीएसटी 10 प्रतिशत कम हुई तो 18 प्रतिशत जीएसटी के साथ कारों की खूब बिक्री हुई। बाजार के जानकारों की मानें तो इस बार धनतेरस पर 250 से 350 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
मुख्य बाजारों के चारों ओर बेरिकेडिंग, पुलिस तैनात
शहर के मुख्य बाजारों के चारों ओर पुलिस ने जाम नहीं लगने के मद्देनजर बेरिकेडिंग की थी। बेरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए थे। राजद्वारा में प्रवेश करते ही बैरिकेडिंग कर पुलिस तैनात की गई थी। इसके अलावा मिस्टन गंज, बैजनाथ गली, सर्राफा बाजार, हामिद गेट, पान दरीबा, बाजार नसरुल्लाह खां में बैरिकेडिंग कर ई-रिक्शा और कारों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके बावजूद बाजारों में ई-रिक्शा पहुंचते रहे और रुक-रुक कर जाम लगता रहा। पुलिसकर्मी ई रिक्शा चालकों को भगाते रहे।
