Moradabad: कोहरे से ढकी रही सुबह, धूप निकली तो मिली राहत...कम दृश्यता के चलते रेंगे वाहन
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार की सुबह घने कोहरे ने शहर को घेरे रखा था। सुबह के समय दृश्यता बहुत कम हो गई थी जिससे लोग राहगीरी और आवाजाही में थोड़ी दिक्कत महसूस कर रहे थे। वाहन सड़कों पर रेंगते हुए चल रहे थे। हालांकि, नौ बजे के बाद सूरज की चटख धूप निकली तो लोगों को राहत मिल सकी।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर ठंडी हवा का चलना जारी रहा, जिससे बाहरी गतिविधियों में ठंडक का एहसास बना रहा और कई लोगों ने गरम कपड़ों का सहारा लिया। कोहरे के कारण सुबह के कुछ घंटे वाहन चलाने वालों के लिए जोखिम भरे रहे। बीते दिनों प्रशासन की ओर भी ठंड को लेकर एडवाइजरी जारी की गई थी।
जिसमें लोगों को सावधानी बरतने और कोहरे के समय वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह दी थी। धूप तेज होने के चलते लोग पार्क, घर में छतों पर बैठकर राहत पाने की कोशिश करते रहे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल उत्तर भारत के कई इलाकों में ये कोहरा और ठंडक का प्रभाव बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में थोड़ी और गिरावट के साथ ठंड का असर और बढ़ सकता है। शहरी व ग्रामीण इलाकों में सुबह-शाम का कोहरा और ठंडक का अहसास बढ़ सकता है। प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर कोहरे और ठंड के मद्देनजर सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
