Moradabad: जाम और ईंधन की बचत को जिलाधिकारी के आदेश पर  बदला स्कूलों का समय

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर के पीली कोठी, डिप्टी गंज चौराहा एवं कांठ रोड क्षेत्र में विद्यालयों के एक ही समय पर स्कूल खुलने और बंद होने से लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। छात्र-छात्राओं,अभिभावकों एवं आमजन को हो रही परेशानी, ईंधन की बर्बादी और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महानगर के 21 विद्यालयों के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।

शहर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों के विद्यालयों के एक साथ खुलने और बंद होने के कारण हर दिन सुबह और दोपहर में जाम की स्थिति बन जाती है। विशेषकर दोपहर में सिविल लाइंस क्षेत्र से निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं जाम में वाहनों के फंसने के कारण डीजल पेट्रोल भी अधिक जलता है। ऐसे में जाम और ईंधन के संकट को देखते हुए भी विद्यालयों के समय परिवर्तन का निर्णय लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने रविवार को स्कूलों को जारी किए पत्र के माध्यम से प्रशासनिक आदेश के अनुसार कुछ विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे,जबकि अन्य विद्यालयों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है।

 कुछ विद्यालयों के लिए अलग समय भी तय किया गया है। नई व्यवस्था के तहत केसीएम स्कूल,आरएन इंटर कॉलेज,मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज,सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल,समर वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट स्टीफन पब्लिक स्कूल एवं विल्सोनिया कॉलेज सहित कई विद्यालय सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे। वहीं बोनी एनी पब्लिक स्कूल, न्यू डेल्स पब्लिक स्कूल, एसएस चिल्ड्रन एकेडमी, शिरडी सांई पब्लिक स्कूल तथा अन्य कई विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा।

प्रशासन का मानना है कि विद्यालयों के समय में यह बदलाव लागू होने से स्कूलों की छुट्टी के वक्त यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है तथा सभी विद्यालयों को सोमवार से नई व्यवस्था को कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन स्कूलों में रहेगा यह समय

कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, बल्देव आर्य कन्या इंटर कॉलेज में सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक, सेवियर पब्लिक स्कूल में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, सेंट स्टीफन पब्लिक स्कूल में सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक, मेरिटोरियस पब्लिक स्कूल में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, एसएस गर्ल्स चिल्ड्रन अकादमी में सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक, टाइनी टाट्स पब्लिक स्कूल में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और विल्सोनिया कालेज में सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक का समय रहेगा।

संबंधित समाचार