Moradabad: पीतल कारोबारी के घर डकैती में तीन और गिरफ्तार, 23 लाख बरामद
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना नागफनी क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस फरार चल रहे तीन और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 23 लाख पांच हजार रुपये की नकदी, अवैध हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। लूटे गए सोने के जेवरात का पुलिस की कार्रवाई में कोई जिक्र नहीं हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में घटना में शामिल दो आरोपियों नाम और प्रकाश में आया है।
थाना नागफनी प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने रविवार को बताया कि 11 मई की रात अकबर कम्पाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार को तमंचों के बल पर बंधक बना कर घर में एक करोड़ 20 लाख की रखी नगदी और छह तोले के जेवरात लूट लिए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना नागफनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने 14 मई को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। इस दौरान 47 लाख 24 हजार रुपये की नकदी, अवैध तमंचे, कारतूस और दो कारें बरामद की गई थीं। पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में नदीम निवासी पपसरा खादर थाना गजरौला, बिट्टू उर्फ सतेंद्र और आदित्य निवासी तिगरिया भूड़ थाना गजरौला जनपद अमरोहा के नाम भी सामने आए।
थाना नागफनी पुलिस ने रविवार को इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 23 लाख पांच हजार रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 32 बोर तथा पांच कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना में लूटी गई धनराशि पूरी बरामद नहीं कर पाई है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में डकैती की घटना में शामिल दो आरोपियों के बारे में खुलासा किया है जिनकी तलाश पुलिस की पांच टीम लगाई है।
