UP News: मुरादाबाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आज करेंगे समीक्षा बैठक, अमरोहा भाजपा कार्यालय भी जाएंगे
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को मुरादाबाद आएंगे। वह महानगर भाजपा की ओर से बुद्धि विहार के बैंक्वेट हाल में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन समापन सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह बुद्धि विहार में नगर निगम द्वारा निर्मित हनुमान वाटिका और संविधान साहित्य पार्क का दौरा भी करेंगे। सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ योजनाओं और परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा का भी कार्यक्रम है।
अमरोहा पहुंचेंगे डिप्टी सीएम
मुरादाबाद में समीक्षा बैठक के बाद डिप्टी सीएम अमरोहा के लिए रवाना होंगे। वह अमरोहा में भाजपा जिला कार्यालय जाएंगे। वहां से लौटकर सीधे मूंढापांडे के भदासना स्थित एयरपोर्ट पर कार से पहुंचेंगे और थोड़ी देर बाद स्टेट प्लेन से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।
डीएम ने लगाई अधिकारियों की ड्यूटी
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए जिलाधिकारी ने अलग अलग मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है। एयरपोर्ट से लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों के लिए अलग-अलग मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। जिसमें एयरपोर्ट पर डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र सिंह वीरवाल को लगाया गया है। फ्लीट व्यवस्था अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम अभय सिंह देखेंगे। जबकि बुद्धि विहार के ह्वाइट हाउस स्थित भाजपा के कार्यक्रम में व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रिंस वर्मा के हवाले है। वहीं हनुमान वाटिका व संविधान साहित्य पार्क के निरीक्षण में अपर उप जिलाधिकारी स्निग्धा चतुर्वेदी व्यवस्था की निगरानी करेंगी। जिला अस्पताल पर डिप्टी कलेक्टर माधव उपाध्याय और सर्किट हाउस में नगर मजिस्ट्रेट युवराज सिंह कमान संभालेंगे।
तैयार किया गया ट्रैफिक प्लान
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को जिला अस्पताल के अलावा बुद्धि विहार स्थित हनुमान वाटिका व संविधान साहित्य पार्क का भी करेंगे निरीक्षण करेंगे। जिसे देखते हुए शनिवार को सभी संबंधित विभाग के अधिकारी व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। एयरपोर्ट से लेकर बुद्धि विहार और जिला अस्पताल तक की सड़कों पर जगह जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। जिससे उनके फ्लीट गुजरने के दौरान यातायात व्यवस्था नियंत्रित की जा सके।
