कॉकरोच पार्टी : व्यंग्य या नई राजनीतिक चेतना

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एक ऐसा डिजिटल आंदोलन सामने आया है, जिसकी शुरुआत किसी राजनीतिक मंच, धरने या भाषण से नहीं, बल्कि एक शब्द से हुई- ‘कॉकरोच’। देखते ही देखते ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुई कि उसने पारंपरिक राजनीतिक दलों को भी डिजिटल लोकप्रियता के मामले में चुनौती दे दी।

cats
राजेश जैन, वरिष्ठ पत्रकार


भारत की राजनीति में समय-समय पर ऐसे आंदोलन उभरे हैं, जिन्होंने व्यवस्था को नई दिशा दी। कुछ आंदोलनों ने सड़कों पर लाखों लोगों को उतारा, कुछ विश्वविद्यालयों से निकले और कुछ ने संसद तक असर डाला, लेकिन वर्ष 2026 में एक ऐसा डिजिटल आंदोलन सामने आया, जिसकी शुरुआत किसी राजनीतिक मंच, धरने या भाषण से नहीं, बल्कि एक शब्द से हुई— ‘कॉकरोच’। देखते ही देखते ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी ‘सीजेपी’ सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुई कि उसने पारंपरिक राजनीतिक दलों को भी डिजिटल लोकप्रियता के मामले में चुनौती दे दी। 

शुरुआत में इसे इंटरनेट मीम, ट्रोल संस्कृति या युवाओं की क्षणिक नाराजगी माना गया, लेकिन धीरे-धीरे यह स्पष्ट होने लगा कि यह केवल मजाक नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं की गहरी बेचैनी और राजनीतिक असंतोष की नई भाषा बन चुका है। पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की कथित टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। 

इस टिप्पणी में बेरोजगार युवाओं और इंटरनेट एक्टिविज्म को ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों से जोड़कर देखा गया। बाद में स्पष्ट किया गया कि टिप्पणी का संदर्भ फर्जी डिग्रीधारियों और पेशागत घुसपैठ से जुड़ा था, युवाओं से नहीं, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर गुस्सा, व्यंग्य और प्रतिरोध का माहौल बन चुका था। इंटरनेट की दुनिया में किसी भी प्रतीक को पलभर में आंदोलन में बदलने की क्षमता होती है और यहां भी वही हुआ।

यहीं से अभिजीत दीपके नाम के एक युवा कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी का डिजिटल प्रयोग शुरू किया। यह शुरुआत भले व्यंग्य के रूप में हुई हो, लेकिन उसने लाखों युवाओं को एक ऐसा मंच दिया, जहां वे अपनी बेरोजगारी, निराशा और व्यवस्था के प्रति गुस्से को हास्य और मीम्स के जरिए व्यक्त कर सके।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान से इतने लोग क्यों जुड़ गए? इसका उत्तर केवल वायरल कंटेंट नहीं है। इसके पीछे भारतीय समाज की वास्तविक परिस्थितियां हैं। भारत दुनिया का सबसे युवा देश माना जाता है। हर साल लाखों छात्र डिग्रियां लेकर निकलते हैं, लेकिन रोजगार के अवसर उसी गति से नहीं बढ़ रहे। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक अब असामान्य घटना नहीं रही। कई भर्तियां वर्षों तक अटकी रहती हैं। निजी क्षेत्र मंो नौकरी की अस्थिरता और कम वेतन युवाओं को निराश कर रहे हैं।

दूसरी तरफ सोशल मीडिया ने हर युवा को अपनी बात कहने का मंच दे दिया है। पहले राजनीतिक अभिव्यक्ति टीवी चैनलों, अखबारों और राजनीतिक दलों तक सीमित थी। अब इंस्टाग्राम रील, एक्स पोस्ट, मीम और यूट्यूब वीडियो भी राजनीतिक हथियार बन चुके हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने इसी मनोदशा को पकड़ा। उसने युवाओं के गुस्से को मीम में बदला, व्यंग्य को आंदोलन में और डिजिटल निराशा को सामूहिक पहचान में बदल दिया। यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

इस पार्टी ने खुद को ‘धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक और आलसी’ घोषित किया। सदस्य बनने की शर्तें भी व्यंग्यात्मक हैं- बेरोजगार होना, हर समय ऑनलाइन रहना, प्रोफेशनली भड़ास निकालना और सिस्टम से परेशान होना। पहली नजर में यह हास्य लगता है, लेकिन वास्तव में यह एक आत्म-व्यंग्य था। 

आज का युवा लगातार ‘निकम्मा’, ‘मोबाइल में खोया हुआ’, ‘रील बनाने वाली पीढ़ी’ और ‘सिस्टम विरोधी’ जैसे आरोप सुनता है। सीजेपी ने इन्हीं आरोपों को पलटकर प्रतिरोध का प्रतीक बना दिया। यही कारण है कि इंटरनेट पर लाखों युवाओं ने कॉकरोच शब्द को अपमान के बजाय पहचान में बदल दिया।

आज की जेनरेशन लंबी भाषणबाजी से जल्दी नहीं जुड़ती। वह छोटे, तीखे और व्यंग्यात्मक संदेशों से प्रभावित होती है। सीजेपी का घोषणापत्र भी तेजी से वायरल हुआ। उसमें कई ऐसे बिंदु शामिल थे, जिन्हें लोग मजाक समझ रहे थे, लेकिन वास्तव में वे गंभीर लोकतांत्रिक प्रश्न थे। 

घोषणापत्र में रिटायरमेंट के बाद जजों को राज्यसभा भेजने पर रोक, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, दल-बदल करने वाले नेताओं पर लंबा प्रतिबंध, मीडिया के कॉरपोरेट नियंत्रण पर सवाल और युवाओं के रोजगार को लेकर स्पष्ट नीतियों की मांग जैसे मुद्दे शामिल थे। यानी व्यंग्य के भीतर वास्तविक राजनीतिक आलोचना मौजूद थी। यही कारण है कि बहुत से शिक्षित युवाओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने इसे केवल मनोरंजन मानने से इनकार किया। (ये लेखन के निजी विचार हैं)

संबंधित समाचार