दिवाली से पहले आएगी फिल्म ‘घोड़ी पे चढ़ के आना’, जेवर-लखनऊ में हुई शूटिंग, CM फिल्म सिटी को मिला बूस्ट
लखनऊ, अमृत विचार : बुद्धा क्रियेशन ऑफ इंडियन सिनेमा के बैनर तले बनी फिल्म ‘घोड़ी पे चढ़ के आना’ दिवाली से पहले रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के जेवर, गौतमबुद्धनगर और लखनऊ में की गई है। अधिकांश कलाकार यूपी के हैं और पोस्ट प्रोडक्शन का काम लखनऊ में चल रहा है।
फिल्म की डबिंग के लिए लखनऊ पहुंची अभिनेत्री शिवानी कुमारी, निर्माता प्रकाश जायसवाल, लेखक-निर्देशक कैलाश मासूम और दिनेश सहगल ने गोमतीनगर विस्तार स्थित इंडियन फिल्म्स एकेडमी में पत्रकारों से मुलाकात की। निर्देशक कैलाश मासूम ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के फिल्म सिटी निर्माण के सपने को आगे बढ़ा रहे हैं और शूटिंग की शुरुआत जेवर से की गई।
निर्माता प्रकाश जायसवाल ने कहा कि नई फिल्म सिटी फिल्म जगत के लिए बड़ी सौगात होगी। फिल्म के संगीतकार विक्की प्रसाद और रफीक राजा हैं, कोरियोग्राफर मुदस्सर खान तथा डीओपी रेबुअल एजाज हैं। गीत संजय धूपा मिश्रा और जितेंद्र मिर्जापुरी ने लिखे हैं।
फिल्म में उदित नारायण, सुखविंदर सिंह, शबाब साबरी सहित कई गायकों ने आवाज दी है। यह फिल्म सिचुएशनल कॉमेडी और फैमिली ड्रामा के साथ सामाजिक संदेश पर आधारित है, जिसे परिवार संग देखा जा सकता है।
अभिनेत्री शिवानी कुमारी बिग बॉस ओटीटी 3 की प्रतिभागी रह चुकी हैं। उनके साथ नवोदित अभिनेता प्रबुद्ध मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में राजपाल यादव, राकेश बेदी, राजेश शर्मा, पंकज झा, अरुण बख्शी, मुश्ताक खान समेत कई वरिष्ठ कलाकार शामिल हैं।
