‘सचिन-सचिन’ के नारों से गूंजा इकाना! अर्जुन तेंदुलकर का आईपीएल डेब्यू, खाता खोलकर लिया स्वागत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल के अंतिम लीग मैच में उस समय माहौल पूरी तरह बदल गया, जब क्रिकेट के भगवान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मैदान पर उतरने का मौका मिला। इकाना के मैदान पर अर्जुन का यह पहला आईपीएल मैच था, इसे लेकर प्रशंसकों में भारी उत्साह नजर आया। जैसे ही अर्जुन मैदान पर उतरे, दर्शकों ने उनका स्वागत “अर्जुन-अर्जुन” के साथ ही “सचिन-सचिन” के नारों से किया। अर्जुन ने संयमित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए यानसन की गेंद पर अपना खाता खोला, जिसके बाद स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। एलएसजी प्रबंधन द्वारा युवा खिलाड़ी को अंतिम मैच में मौका दिए जाने के फैसले ने निराश प्रशंसकों में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया।

क्रिकेट और संगीत का तड़का

यहां क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ मनोरंजन का भी तड़का देखने को मिला। स्टेडियम में लगे हाई-वोल्टेज म्यूजिक सिस्टम पर बज रहे बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। जहां एक ओर एलएसजी के निराशाजनक प्रदर्शन से स्थानीय दर्शक मायूस थे, वहीं प्लेऑफ की दौड़ में शामिल दिल्ली की टीम के लिए उनका समर्थन साफ झलक रहा था। डीजे की धुन पर युवा दर्शकों के साथ-साथ परिवार और बच्चे भी झूमते नजर आए, जिससे हर विकेट और बाउंड्री पर उत्साह दोगुना हो गया।

खाली कुर्सियों की कतारों ने बढ़ाई आयोजकों की चिंता

एलएसजी के खराब प्रदर्शन का सीधा असर इकाना स्टेडियम की रौनक पर पड़ा है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में 50 हजार की क्षमता वाले स्टेडियम में हजारों सीटें खाली नजर आईं, जो टीम के प्रति प्रशंसकों की घटती दिलचस्पी को दर्शाती हैं। टीम में दिग्गजों की मौजूदगी के बाद भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह ठंडा रहा।
स्थानीय दर्शकों का मानना है कि प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद टीम के खेल में कोई सुधार न आना प्रशंसकों के मोहभंग का मुख्य कारण है। इसका नतीजा यह रहा कि ऑनलाइन टिकटों की बिक्री काफी कम रही। स्टेडियम की खाली कुर्सियां न केवल टीम की असफलता को बयां कर रही थीं, बल्कि प्रबंधन के सामने भी गंभीर सवाल खड़े कर गई हैं। आयोजन से जुड़े अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों की संख्या उम्मीद से बेहद कम रही। आलम यह था कि पास धारकों ने भी मैच से दूरी बनाए रखी।

संबंधित समाचार