Kanpur ITBP Case: आईटीबीपी जवान की मां के हाथ कटने मामले में दोबारा होगी जांच, ITBP अधिकारी भी शामिल होंगे

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/कानपुर। आईटीबीपी जवान विकास सिंह की मां निर्मला देवी के हाथ कटने के विवादित मामले में अब स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा जांच करने का फैसला लिया है। इस नई जांच में आईटीबीपी के अधिकारी भी शामिल किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि पिछली रिपोर्ट तथ्यों के आधार पर तैयार की गई थी, लेकिन आईटीबीपी और पुलिस अधिकारियों के कुछ सवालों के बाद मामले की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोबारा जांच की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने भी इस कमेटी में एक अधिकारी को नामित कर दिया है।

Kanpur ITBP Case

हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट से खुलेगा राज

जांच कमेटी के अनुसार, महिला हृदय रोगी थीं। उनके हाथ की नसों में ब्लॉकेज की वजह से हाथ काटना पड़ा। इसमें दो मुख्य कारण हो सकते हैं थ्रोम्बोसिस या कंपार्टमेंट सिंड्रोम। दोनों अस्पतालों में देरी को भी जिम्मेदार ठहराया गया है। कमेटी ने सुझाव दिया है कि कटे हाथ की हिस्टोपैथोलॉजी जांच कराई जाए, जिससे असली कारण स्पष्ट हो जाएगा।

MUSKAN DIXIT (9)

टीएमटी रिपोर्ट फर्जी वाले आरोप खारिज

एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने कहा कि रोगी को हृदय संबंधी समस्या थी, इसलिए टीएमटी (ट्रेडमिल टेस्ट) संभव ही नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई गलत दस्तावेज भेजा गया तो वह अस्पताल की गलती होगी। ईको और डॉप्लर रिपोर्ट ही उपलब्ध थीं।

पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह का बयान

पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने कहा कि आईटीबीपी बेहद अनुशासित बल है। जवान अपने साथी के लिए न्याय मांगने पहुंचे थे, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पहुंचना उचित नहीं था। उन्होंने निजी अस्पताल में लापरवाही की आशंका जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Kanpur ITBP Case

पुलिस कमिश्नर का एक्शन

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कृष्णा हॉस्पिटल और पारस हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करा लिए हैं। अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा (जिनके पास एमबीबीएस की डिग्री है) और डॉ. सुमेध जाधव को जांच में विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि किसी भी अस्पताल या डॉक्टर को बचाने की कोशिश नहीं की जाएगी। अगर जरूरी हुआ तो राज्य स्तरीय समिति से भी जांच कराई जा सकती है।

मामला क्या है?

आईटीबीपी जवान विकास सिंह की मां सांस की समस्या से पीड़ित थीं। इलाज के दौरान निजी अस्पताल में उनका हाथ कट गया। परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाया है।

 

संबंधित समाचार