नर्सिंग का जबरदस्त क्रेज! एक सीट पर 11 दावेदार, CNET-2026 में रिकॉर्ड 1.48 लाख आवेदन
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा को लेकर युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट)-2026 में इस बार रिकॉर्ड आवेदन पहुंचे हैं। प्रदेश में बीएससी नर्सिंग की करीब 14 हजार सीटों के लिए 1,48,268 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी हर एक सीट पर लगभग 11 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
सीनेट-2026 के आंकड़ों ने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वर्ष 2025 में जहां 1,30,929 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर 1,48,268 तक पहुंच गई। एक साल में आवेदनों में 13.24 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ते रोजगार, स्थायी नौकरी और बेहतर वेतन की संभावनाओं ने बड़ी संख्या में युवाओं को नर्सिंग की ओर आकर्षित किया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए छह जून को सीनेट परीक्षा आयोजित होगी। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक उत्साह चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग कोर्स को लेकर देखने को मिला है। कोविड महामारी के बाद हेल्थकेयर सेक्टर की अहमियत तेजी से बढ़ी है। सरकारी अस्पतालों के विस्तार, निजी मेडिकल संस्थानों की बढ़ती संख्या और विदेशों में प्रशिक्षित नर्सों की मांग ने युवाओं की सोच बदल दी है।
नर्सिंग में केवल स्नातक स्तर ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा को लेकर भी छात्रों का रुझान बढ़ा है। एमएससी नर्सिंग और एनपीसीसी जैसे पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों में 14.49 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे साफ है कि कार्यरत नर्सिंग प्रोफेशनल्स अब एडवांस क्लीनिकल स्पेशलाइजेशन और बेहतर करियर ग्रोथ की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
डॉ. अमित देवगन ने कहा कि नर्सिंग अब सिर्फ सेवा क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गई है। बेहतर वेतन, नौकरी की स्थिरता और देश-विदेश में बढ़ती मांग ने इसे युवाओं के लिए शानदार करियर विकल्प बना दिया है। यही वजह है कि इस बार सीनेट में प्रतिस्पर्धा पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा कड़ी हो गई है।
मेडिकल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि आने वाले वर्षों में नर्सिंग सेक्टर में प्रशिक्षित मानव संसाधन की जरूरत और बढ़ेगी। ऐसे में इस क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए अवसर लगातार बढ़ते रहेंगे।
