महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर! सोलर दीदियों को मिलेगा 14,196 रुपये मासिक वेतन और 1.30 लाख का मुफ्त सोलर प्लांट
वाराणसी की महिलाएं बन रहीं सोलर लीडर, सोलर दीदी योजना से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल। प्रशिक्षण के बाद मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन, प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा रूफटॉप सोलर नेटवर्क
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सौर ऊर्जा क्षेत्र में नई पहल कर रही है। “सोलर दीदी” योजना के तहत वाराणसी की महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ रोजगार और ऊर्जा स्वावलंबन का अवसर दिया जा रहा है। यह योजना महिलाओं को हरित ऊर्जा अभियान से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यूपी नेडा के निदेशक रविन्दर सिंह ने बताया कि यूपीनेडा से संबद्ध कंपनियों द्वारा चयनित सोलर दीदियों को प्रतिमाह 14,196 रुपये वेतन दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक महिला को करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य का 2 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके घर सौर ऊर्जा से रोशन हो सकेंगे। महिलाओं को आधुनिक ऊर्जा उपयोग के लिए इंडक्शन स्टोव भी मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वाराणसी की महिलाएं सोलर लीडर बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहीं हैं।
योजना के तहत महिलाओं को सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण और परीक्षा सफलतापूर्वक पूरा करने वाली महिलाओं को केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से प्रत्येक सफल सोलर स्थापना पर 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
प्रदेश में अब तक 5.44 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे 1844.87 मेगावाट क्षमता विकसित हुई है। सरकार के अनुसार, प्रदेश में प्रतिदिन 82 लाख यूनिट से अधिक मुफ्त बिजली सौर ऊर्जा से पैदा हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है।
