रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, लखनऊ में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने 312 अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र
लखनऊ, अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने 312 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
कार्यक्रम में चयनित 198 अभ्यर्थियों को रेलवे में नियुक्ति मिली। इसके अलावा अन्य युवाओं का चयन विभिन्न केंद्रीय विभागों और मंत्रालयों में हुआ है। रोजगार मेले के जरिए केंद्र सरकार युवाओं को तेजी से सरकारी सेवाओं से जोड़ रही है।
बताया गया कि अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से देशभर में करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। 19वां रोजगार मेला देश के 47 केंद्रों पर आयोजित किया गया, जहां चयनित अभ्यर्थियों को रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी गई।
