UP News: शाहजहांपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 11 साल की मासूम को नोच-नोचकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। इस बार कुत्तों के झुंड ने शाहजहांपुर में एक मासूम को अपना शिकार बनाया। कुत्तों के हमले में घायल बच्ची को परिजन मेडिकल कालेज ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत गर्दन पर गहरे जख्मों की वजह से बताई गई है।

अकेला पाकर बच्ची को कुत्तों ने घेरा
घटना रविवार सुबह ककराकला स्थित चार्जिंग प्वाइंट के पास हुई। 11 साल की स्वालेहा अपने पिता नईम के साथ खेत पर सब्जी तोड़ने गई थी। थोड़ी देर बाद पिता ने बेटी को अपने भाई इकराम को बुलाने घर भेजा। इस बीच कुत्तों ने अकेला पाकर बच्ची को घेर लिया। कुत्ते इतने खूंखार थे कि बच्ची को नोचना शुरू कर दिया।  जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। 

बच्ची की हालत देख बेहोश हुआ पिता
मौके से गुजर रहे लोगों ने बच्ची को कुत्तों से घिरा देखा और उसके पिता नईम को सूचना दी। जब नईम अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी थी और कुत्ते उसे नोच रहे थे। यह दृश्य देखकर पिता बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्ची को परिजनों की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, हालांकि गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

पांच बहनों में सबसे छोटी थी स्वालेहा
परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए एंबुलेंस से घर ले गए। मृतका के चाचा रफी अहमद ने बताया कि स्वालेहा की चार बड़ी बहनें फूल बी, असरा, निशरा और आलिया हैं, जबकि दो भाई अजीम और इकराम हैं। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता नईम बटाई पर खेत लेकर मजदूरी करते हैं। घटना के बाद मां शबाना का रो-रोकर हाल बेहाल है। ईएमओ डॉक्टर मेहराज अहमद ने बताया कि बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसके शरीर और गर्दन पर कुत्तों के काटने के कई निशान थे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

संबंधित समाचार