Manilal Patidar : पूर्व आईपीएस मणिलाल के मामले बांदा कोर्ट में स्थानांतरित, रिश्वतखोरी केस में चार्जशीट दाखिल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। पूर्व आईपीएस मणिलाल पाटीदार के खिलाफ लखनऊ की अदालतों में विचाराधीन समस्त मामले अब बांदा की कोर्ट में सुने जाएंगे। पाटीदार के समस्त मामलों को बांदा स्थानांतरित कर दिया गया है। बता दें कि पाटीदार पर दर्ज समस्त मामलों में वह इस समय जमानत पर बाहर हैं, जबकि अदालतों में ट्रायल शुरू हो गया है। सतर्कता अधिष्ठान में एक और मुकदमा दर्ज होने के बाद पाटीदार की परेशानियां बढ़ गई हैं।

गौरतलब हो कि मणिलाल पाटीदार के खिलाफ बांदा में पुलिस अधीक्षक रहते हुए गैरइरादतन हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में मणिलाल इस समय जमानत पर चल रहे हैं। अदालत में अब इस मामले का ट्रायल चालू हो चुका है। जबकि, बांदा में एक एसएचओ के ट्रांसफर को लेकर रिश्वतखोरी करने से जुड़े एक अन्य मामले में पाटीदार के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुका है, जिसकी सुनवाई भी अब बांदा की अदालत में होगी। 

उधर, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने शुक्रवार को मणिलाल पाटीदार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक और मामला दर्ज किया है। इस तरह पूर्व आईपीएस मणिलाल के खिलाफ वर्तमान में तीन मामले चल रहे हैं। अभी तक एक भी मामला निस्तारित नहीं हुआ है।

संबंधित समाचार