Ayodhya Gang Rape : किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, 10 से 12 लड़कों पर आरोप, पुलिस ने नहीं दर्ज किया केस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवकाली हाईवे पर गंभीर हाल में मिली थी किशोरी, भेजा गया वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति ने की काउंसिलिंग

अयोध्या, अमृत विचार : कोतवाली नगर अंतर्गत देवकाली हाईवे पर एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार किशोरी ने सीडब्ल्यूसी के समक्ष दिए गए बयान में 10 से 12 लड़कों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। वहीं घटना की जानकारी के करीब 30 घंटे बाद तक पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया है।

गैर जिले की रहने वाली किशोरी शुक्रवार देर रात देवकाली हाईवे पर मिली। पीआरवी ने उसे दर्शननगर स्थित वन स्टाॅप सेंटर पहुंचाया। यहां से पुलिस को सूचना दी गई। सूत्रों के अनुसार पहले पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। कोतवाली अयोध्या व कोतवाली नगर इसे एक दूसरे के क्षेत्र की घटना बता रहे थे।

इसकी जानकारी होने पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। जहां घंटों उसकी काउंसिलिंग की गई। सूत्रों के अनुसार किशोरी ने बताया कि वह गैर जिले की रहने वाली है। उसके पिता की मौत हो गई, जबकि मां ने दूसरी शादी कर ली है।

बताया कि वह एक लड़के के साथ अयोध्या आई, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर देवकाली बाईपास के पास करीब 10 से 12 लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सूत्र यह भी बताते हैं कि उसने पुलिस व सीडब्ल्यूसी के सामने दिए गए बयान में कुछ लड़कों के नाम भी लिए हैं।

यह भी बताया जाता है कि दुष्कर्म के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया, जिससे वह घायल भी हुई है। दर्शननगर स्थित वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रभा पाल ने बताया कि किशोरी उनके सेंटर पर है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है। उससे तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आवश्यकता पड़ने पर दिया जाएगा सहायक

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने बताया कि किशोरी की काउंसिलिंग की गई है। दुष्कर्म की बात सामने आ रही है। किशोरी के बयान के अनुसार वह अनाथ है। ऐसी स्थिति में आवश्यकतानुसार उसे सहायक व्यक्ति उपलब्ध कराया जाएगा। उसे वन स्टाॅप सेंटर पर रखा गया है।

संबंधित समाचार