UP News : बकरीद पर सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी स्वीकार्य नहीं, CM योगी बोले- अराजक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। साथ ही खुले में मांस विक्रय और अवैध स्लॉटर हाउस पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमाज केवल परंपरागत स्थलों पर ही अदा हो तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति किसी भी स्थिति में न दी जाए। मुख्यमंत्री ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक समीक्षा बैठक में कहा कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जाए और किसी भी नई परंपरा को बढ़ावा न दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वैध स्लॉटर हाउस में भी निर्धारित क्षमता से अधिक पशु न रखे जाएं। बैठक में मुख्यमंत्री ने अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल सहित संवेदनशील जिलों के अधिकारियों से संवाद कर कहा कि पिछले वर्षों की घटनाओं का अध्ययन कर संभावित अराजक तत्वों की सूची तैयार की जाए और आवश्यकतानुसार निषेधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गंगा दशहरा पर घाटों की सुरक्षा और साफ-सफाई पर जोर

मुख्यमंत्री ने गंगा दशहरा को लेकर प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर और अमरोहा सहित विभिन्न जिलों में गंगा घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस, पेयजल, छायादार व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

हर विकास खंड में लगेगी साप्ताहिक चौपाल

मुख्यमंत्री ने जनता की शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल लगाने के निर्देश दिए। इन चौपालों में राजस्व विवाद, घरेलू हिंसा, अवैध वसूली और स्थानीय स्तर की पुलिस शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार पैदल गश्त के भी निर्देश दिए गए।

अवैध खनन और भू-माफियाओं पर चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री ने बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने और अवैध खनन रोकने के लिए टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई हो, लेकिन आम नागरिकों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।

संबंधित समाचार