Barabanki News: मरुधर एक्सप्रेस के पहिए से निकलीं आग की लपटें, यात्रियों में मची अफरातफरी
बाराबंकी, अमृत विचार: सैदखानपुर रेलवे स्टेशन के पास देर रात मरुधर एक्सप्रेस के जनरल कोच-3 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग होने से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। आग जैसी स्थिति देख कई यात्री ट्रेन से कूदकर बाहर निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल के निर्देश पर ट्रेन को तत्काल रोका गया। रेलवे कर्मियों ने आरपीएफ को सूचना देकर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में पहियों के जाम होने और ब्रेक बाइंडिंग को घटना का कारण बताया गया है।
स्टेशन मास्टर रफीक ने बताया कि तकनीकी टीम ने जांच और आवश्यक मरम्मत के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया। घटना के चलते ट्रेन करीब 42 मिनट तक दरियाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
