वेदांग रैना की नई फिल्म में हुई प्रगति श्रीवास्तव की एंट्री, कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म में निभाएंगी अहम किरदार
मुंबई। अभिनेता वेदांग रैना अभिनीत मैडॉक फिल्म्स की आगामी अनटाइटल्ड फिल्म में अभिनेत्री प्रगति श्रीवास्तव भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। सूत्रों के अनुसार, यह फिल्म एक कॉमेडी-थ्रिलर है, जिसमें रोमांस की कई परतें देखने को मिलेंगी।
वेदांग रैना की जिंदगी में दिखेंगी दो प्रेम कहानियां
फिल्म में प्रगति श्रीवास्तव का किरदार कहानी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बताया जा रहा है कि फिल्म में वेदांग रैना के किरदार की जिंदगी में दो प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। फिल्म से नाओमिका सरन बड़े पर्दे पर डेब्यू कर रही हैं।
साउथ के बाद अब बॉलीवुड में छाने को तैयार प्रगति श्रीवास्तव
सूत्रों ने बताया कि जहां नाओमिका सरन के किरदार को लेकर पहले से चर्चा थी, वहीं अब यह स्पष्ट हो गया है कि प्रगति श्रीवास्तव भी फिल्म में वेदांग रैना की लव इंटरेस्ट के रूप में नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए प्रगति हिंदी फिल्मों में अपने बड़े पर्दे के सफर की शुरुआत करने जा रही हैं।
प्रगति श्रीवास्तव इससे पहले दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुकी हैं और जल्द ही प्रकाश झा की फिल्म जनादेश तथा आनंद एल राय समर्थित नखरेवाली में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी।
बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल
फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि अब तक चर्चा नाओमिका और वेदांग की जोड़ी को लेकर थी, लेकिन फिल्म में एक और प्रमुख अभिनेत्री भी है। प्रगति वेदांग के अपोजिट एक अहम किरदार निभाएंगी और दर्शकों को दो नई जोड़ियां देखने को मिलेंगी। फिल्म की अधिकांश शूटिंग पूरी हो चुकी है तथा केवल कुछ दिनों का काम बाकी है।
जिगरा के बाद वेदांग रैना का नया धमाका
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस अनटाइटल्ड फिल्म का निर्देशन जगदीप सिद्धू कर रहे हैं। फिल्म के 2026 के अंत तक रिलीज होने की संभावना है। द आर्चिस और जिगरा के बाद वेदांग रैना की लोकप्रियता में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते उनकी नई फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
