Bareilly News: मौलाना शहाबुद्दीन की राहुल गांधी को सलाह, अखिलेश पर भरोसा करना पड़ेगा महंगा
इंडिया गठबंधन की बैठक में मुस्लिम नेताओं की गैरमौजूदगी पर खड़े किए सवाल
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि इंडिया गंठबंधन के हुजूम से मुसलमान गायब था। उन्होंने राहुल गांधी को भी सलाह देते हुए कहा कि अखिलेश यादव पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि इंडिया गंठबंधन के हुजूम से मुसलमान गायब था। उन्होंने राहुल गांधी को भी सलाह देते हुए कहा कि अखिलेश यादव पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
सांप्रदायिकता का मुद्दा भूला इंडिया गठबंधन
दरअसल दिल्ली में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की प्रेस कॉन्फ्रेंस चर्चा का विषय बनी है। जिस पर मौलाना शहाबुद्दीन ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जो लोग सांप्रदायिकता को खत्म करने की बात करते हैं, उन्होंने अपनी किसी बातचीत में इस शब्द का इस्तेमाल तक नहीं किया। सांप्रदायिकता का मुद्दा इंडिया गठबंधन भूल चुका है। जबकि आज भाईचारे की सबसे ज्यादा जरूरत है।
सपा के कारण तीन राज्यों में हारी कांग्रेस
मौलाना ने यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर कहा कि राहुल गांधी को याद रखना चाहिए कि अखिलेश यादव ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान के विधानसभा चुनावों मे सपा के प्रत्याशी मुस्लिम बहुल में खड़े किए। अगर वह ऐसा नहीं करते तो कांग्रेस को नुकसान नहीं उठाना पड़ता। इन तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं बनती।
अखिलेश यादव भरोसे के लायक नहीं
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस आलाकमान को इस पर विचार करना होगा, कि इन तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने गठबंधन का धर्म क्यों नहीं निभाया। मौलाना ने आगामी 2027 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि राहुल गांधी को उनकी सलाह है कि अखिलेश यादव भरोसे के लायक व्यक्ति नहीं हैं। चुनाव के वक्त जब सीटों के बंटवारे की बारी आयेगी तो अखिलेश यादव अपना रंग बदलते नजर आयेंगे।
