पुलिस भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन: शहर की सड़कें जाम के हवाले, पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद दिखा अभ्यर्थियों का हुजूम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

युवाओं को कड़ी तलाशी के बाद दी गई केन्द्रों में एंट्री, कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ एग्जाम

यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पाली में जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच कराई गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं और निर्धारित समय से पहले ही सुरक्षा जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकले तो सड़कों पर अभ्यर्थियों का हुजूम नजर आया। जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति पैद हो गई।

बरेली, अमृत विचार। यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पाली में जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच कराई गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं और निर्धारित समय से पहले ही सुरक्षा जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकले तो सड़कों पर अभ्यर्थियों का हुजूम नजर आया। जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति पैद हो गई।

त्रिस्तरीय जांच के बाद प्रवेश
अफसरों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों से बेल्ट, पर्स, मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही रखवा लिए गए। इसके बाद तीन स्तरीय सुरक्षा जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

पहले दिन 4,209 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
इसके पहले सोमवार को पहली पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के मुकाबले 6,627 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 2,109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,636 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2,100 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन कुल 17,472 अभ्यर्थियों में से 13,263 ने परीक्षा दी, जबकि कुल 4,209 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। 

जिले भर में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्र

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए बरेली कॉलेज के विभिन्न ब्लॉकों सहित बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज समेत 19 केंद्र बनाए गए हैं। बदायूं, शाहजहांपुर, रामपुर, पीलीभीत और आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने बरेली पहुंचे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर दिनभर अभ्यर्थियों की आवाजाही बनी रही। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी गई।

पांच जोन में बांटकर रखी गई निगरानी
परीक्षा की निगरानी के लिए जिले को पांच जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा बाहरी केंद्र व्यवस्थापकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।

गणित ने उलझाया, सामान्य ज्ञान रहा आसान
पहले दिन परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को मध्यम स्तर का बताया। उनका कहना था कि हिंदी, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान रहे, जबकि गणित के कुछ सवालों ने थोड़ा उलझाया और उन्हें हल करने में अधिक समय लगा। सीतापुर से आए गौरव ने बताया कि प्रश्न तैयारी के अनुरूप थे और पेपर संतुलित रहा। वहीं सीतापुर के ही नीतिन कुार ने बताया कि गणित के कुछ सवाल चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा। बदायूं की आकृति ने बताया पेपर अच्छा था सामान्य ज्ञान के पेपर और हिंदी के पेपर आसान थे। गणित ने जरूर परेशान किया। शाहजहांपुर से आए अरुण ने बताया पेपर मीडिया था, प्रश्न भी सामान्य थे। जिस कारण कोई दिक्कत नहीं हुई।

केन्द्रों पर पेयजल-चिकित्सा के पर्याप्त इंतजाम
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी। केंद्रों के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। पूरे दिन परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

संबंधित समाचार