Bareilly News: सीबीगंज में मिठाई की दुकान में आग लगने से दहशत, फायर ब्रिगेड ने किया काबू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सीबीगंज, अमृत विचार। आईटीआर मार्केट स्थित एक मिठाई की दुकान में मंगलवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लगी। जिससे लाखों का माल जलकर राख हो गया। आस-पास के दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। 

घटना सीबीगंज थाने के ठीक बराबर में आईटीआर कालोनी गेट की है। जहां आईटीआर मार्केट में स्लीपर रोड सीबीगंज के रहने वाले लाला गौरव अग्रवाल नारायण स्वीट्स नाम से दुकान चलाते हैं। गौरव अग्रवाल ने बताया कि वह रोज की तरह देर रात्रि में अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 6:15 बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटे निकलती देखीं। 

लोगों से सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक गौरव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। थाने में मौजूद पुलिस कर्मी भी निकल आए और आग बुझाने की कोशिश की। आग की सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान का शटर तोड़ा और आग बुझाई। गौरव अग्रवाल ने बताया कि आग की वजह से लाखों रुपयों का माल जलकर राख हो गया है। आग कैसे लगी इसमें अभी कुछ नही कहा जा सकता है फिलहाल प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगना माना जा रहा है।

संबंधित समाचार