UP News: रामपुर में रफ्तार का कहर, पिकअप की टक्कर से बदायूं के दो बच्चों की मौत 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सड़क हादसे में ई-रिक्शा हुआ क्षतिग्रस्त, घायलों में मची चीख-पुकार

शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर ढकिया गांव के समीप गेंहू लदी पिकअप की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। ई-रिक्शा में सवार बदायूं जनपद के दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पिकअप व क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को कब्जे में ले लिया और मृतक बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। 

ढकिया, अमृत विचार। शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर ढकिया गांव के समीप गेंहू लदी पिकअप की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। ई-रिक्शा में सवार बदायूं जनपद के दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पिकअप व क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को कब्जे में ले लिया और मृतक बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। 

बदायूं लौटते वक्त हादसा
सड़क हादसे  में दो बच्चों की मौत हो जाने की खबर पर मृतकों के घर में कोहराम मच गया है। बदायूं जनपद के बिसौली थाना क्षेत्र के मुड़िया पिशनहारी गांव निवासी खुशी खां अपनी पत्नि सकीना तथा 14 वर्षीय बेटी अरमाना, 12 वर्षीय बेटे नवेद और 11 वर्षीय बेटे आबिद के साथ अपनी ससुराल शाहबाद थाना क्षेत्र के नंदगांव में दो दिन पूर्व एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 9 बजे यह सभी लोग ई रिक्शा से अपने घर बदायूं वापस लौट रहे थे तभी हादसा पेश आया। 

पिकअप का पहिया निकलने से हादसा
जैसे ही उनका ई रिक्शा शाहबाद आसफपुर मार्ग पर स्थित ढकिया गांव के समीप सुमित के भट्टे के सामने पहुंचा तभी सामने से आ रही गेहूं लदी एक पिकअप का पिछला पहिया निकल गया और पिकअप अनियंत्रित होकर ई रिक्शा से टकरा गई। पिकअप की टक्कर लगते ही ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार खुशी खां, सकीना, अरमाना, नवेद और आबिद सहित पांचों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। पिकअप व ई रिक्शा की टक्कर होते ही चीख पुकार मच गई। भट्टे पर मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस दौरान पिकअप चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। 

हादसे में दो बच्चों की गई जान
पिकअप व ई रिक्शा में टक्कर होने की सूचना किसी ने फोन पर ढकिया चौकी पुलिस को दी। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही ढकिया चौकी प्रभारी कपिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और उन्होंने क्षतिग्रस्त ई रिक्शा व पिकअप को कब्जे में लेकर सभी पांचों घायलों को आनन फानन में एंबुलेंस बुलवाकर शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डाक्टर ने 12 वर्षीय नवेद और 11 वर्षीय आबिद को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय अरमाना को जिला चिकित्सालय रामपुर रेफर कर दिया। 

चालक को गिरफ्तार करने की मांग
मृतक दोनों बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रामपुर भेज दिया। जबकि बदायूं जनपद में मृतक बच्चों के घर शादी से लौटते समय एक्सीडेट में दो बच्चों की मौत हो जाने की खबर मिल जाने पर चीख पुकार मच गई है। मृतक बच्चों के परिजनों ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शाहबाद कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस पिकअप चालक की तलाश में जुट गई है।  

संबंधित समाचार