होमगार्ड भर्ती: 102 अभ्यर्थियों ने पास की शारीरिक दक्षता परीक्षा, 174 हुए शामिल
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत मंगलवार को अभ्यर्थियों की शारीरिक नापजोख व शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती बोर्ड की ओर से मंगलवार को 242 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 174 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 102 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा कर शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत मंगलवार को अभ्यर्थियों की शारीरिक नापजोख व शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती बोर्ड की ओर से मंगलवार को 242 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 174 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 102 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा कर शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की लंबाई और सीने की माप के साथ-साथ दौड़, लंबी कूद व क्रिकेट बॉल थ्रो की परीक्षा ली गई। प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को ही सफल घोषित किया गया। भर्ती स्थल पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराई गई। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एलएम जोशी ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी से संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरणों में शामिल किया जाएगा। भर्ती के दौरान सदस्य व उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली, सदस्य क्षेत्राधिकारी (सीओ) विमल प्रसाद, व्यवस्था अधिकारी अरुण चौहान सहित होमगार्ड विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम आज भी जारी रहेगा।
