Pilibhit News: पुलिस कर रही थी जेल भेजने की तैयारी, हिरासत से भागा चोरी का आरोपी, अब ढूंढ रहीं टीमें 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बीसलपुर , अमृत विचार। चोरी के एक मामले में पकड़ा गया आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। दो सिपाही सीएचसी से मेडिकल परीक्षण कराकर बाइक से वापस ला रहे थे कि वह चकमा देकर भाग निकला। इसकी जानकारी लगते ही विभाग में खलबली मच गई। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिशें दे रही हैं। हालांकि देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। 

बता दें कि मोहल्ला पटेल नगर निवासी राकेश कुमार सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सात जून को शाम पांच बजे वह दुकान पर थे। इस बीच सुल्तान नामक युवक उनके घर में घुसा और एक बैटरी, मोबाइल चोरी कर ले गया। पड़ोस में लगे सीसीटीवी में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई।  पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई में जुट गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सुल्तान पुत्र इरफान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया। मंगलवार को आरोपी को जेल भेजने की तैयारी चल रही थी।  इसके लिए आरोपी को सिपाही प्रबल प्रताप सिंह, एक रिक्रूट आरक्षी संग बाइक से सीएचसी मेडिकल परीक्षण को भेजा गया। 

वहां उसका मेडिकल कराकर पुलिसकर्मी बाइक पर बैठाकर वापस कोतवाली ला रहे थे कि सीएचसी गेट से बाहर निकलते ही आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग गया।  इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग में खलबली मच गई।  उसकी तलाश को टीमें लगा दी गई लेकिन देरशाम तक पता नहीं चल सका। फिलहाल घटना के बाद लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टीमें लगाकर आरोपी की तलाश कराई जा रही है। 

संबंधित समाचार