अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे टूटा, घरेलू शेयर बाजारों में तेजी 

वैश्विक बाजारों में मजबूती और बैंकिंग शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही।

मुंबई। विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मबजूती और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 81.81 पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 81.81 पर खुला, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है। 

रुपया मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 12 पैसे की तेजी के साथ 81.67 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.16 पर पहुंच गया। 

वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.08 प्रतिशत गिरकर 88.29 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। विशेषज्ञों ने बताया कि चीन में कोविड संबंधी सख्त पाबंदियां लगने की आशंका से एशियाई मुद्राएं प्रभावित हुईं। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 697.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 

मजबूत वैश्विक रूझानों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में आई तेजी
वैश्विक बाजारों में मजबूती और बैंकिंग शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही। इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 361.94 अंक चढ़कर 61,780.90 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 81.2 अंक के लाभ के साथ 18,325.40 अंक पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स में भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, डॉ. रेड्डीज, विप्रो, बजाज फिनसर्व, मारुति, एचडीएफसी एवं एचडीएफसी बैंक के शेयर लाभ में थे। दूसरी ओर, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर और पॉवर ग्रिड के शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में, मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 274.12 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,418.96 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 84.25 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,244.20 अंक पर बंद हुआ था। 

अन्य एशियाई बाजारों में सियोल और हांगकांग के बाजारों में तेजी थी लेकिन शंघाई के बाजार नुकसान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 88.32 प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 697.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 

ये भी पढ़ें : NSE में सूचीबद्ध Top 500 कंपनियों में 18 प्रतिशत महिला निदेशक : स्टडी

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).