फरवरी में यात्री वाहनों की रिकॉर्ड थोक बिक्री: सियाम 

नई दिल्ली। भारतीय वाहन विनिर्माताओं ने फरवरी, 2023 में लगभग 2.92 लाख यात्री वाहनों (पीवी) की थोक बिक्री की। यह अब तक की सर्वाधिक बिक्री है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सियाम ने कहा कि माह के दौरान कार और यूटिलिटी (उपयोगिता) वाहनों की बढ़ती मांग से कुल यात्री वाहनों की बिक्री बढ़ी है। पिछले महीने वाहन कंपनियों ने डीलरों को 2,91,928 वाहनों की आपूर्ति की थी। यह फरवरी, 2022 में आपूर्ति कराई गई 2,62,984 इकाइयों से 11 प्रतिशत अधिक है। वहीं यात्री कारों की बिक्री फरवरी माह में बढ़कर 1,42,201 इकाई हो गई।

एक साल पहले की समान अवधि में 1,33,572 इकाइयां बिकी थी। इसी तरह, स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहनों (एसयूवी) सहित उपयोगिता वाहनों की बिक्री पिछले महीने 1,20,122 इकाइयों से बढ़कर 1,38,238 इकाई हो गई। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने पिछले महीने डीलरों को 1,02,565 इकाइयां भेजीं। यह फरवरी, 2022 के 99,398 इकाइयों से तीन प्रतिशत अधिक है।

वहीं हुंदै मोटर इंडिया (एचएमआई) ने पिछले महीने 24,493 इकाइयां बेचीं। कंपनी ने एक साल पहले इसी महीने में 21,501 इकाइयों की बिक्री थी। इसी तरह कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री भी आलोच्य महीने के दौरान आठ प्रतिशत बढ़कर 11,29,661 इकाई रही।

पिछले साल फरवरी में 10,50,079 दोपहिया वाहन बिके थें। मोटरसाइकिल की बिक्री भी पिछले महीने 6,58,009 इकाई से बढ़कर 7,03,261 इकाई पर पहुंच गई। इसी तरह, स्कूटर की बिक्री 3,56,222 इकाई से बढ़कर 3,91,054 इकाई हो गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 86 प्रतिशत बढ़कर 50,382 इकाई हो गई। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि यह फरवरी में यात्री वाहनों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है। सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि बाजार में सकारात्मक धारणा बनी हुई है। यह उपभोक्ताओं के लिए आम बजट (2022-23) में उत्साहजनक घोषणाओं से भी प्रेरित है।

ये भी पढ़ें : सितंबर, 2022 में जिस आदिवासी लड़की की मौत हुई वह बंधुआ मजदूर थी: मंत्री 

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).