बीते साल देश से वाहनों का निर्यात 21 प्रतिशत घटा, सियाम ने जारी किए आंकड़े

नई दिल्ली। देश से वाहन निर्यात में बीते साल (2023 में) 21 प्रतिशत की गिरावट आई है। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने यह जानकारी दी। सियाम ने कहा है कि कई विदेशी बाजार मौद्रिक और भूराजनीतिक संकट से जूझ रहे हैं जिससे वाहन निर्यात में गिरावट आई है।

पिछले साल कुल वाहन निर्यात 42,85,809 इकाई रहा, जबकि 2022 में यह आंकड़ा 52,04,966 इकाई था। हालांकि, 2023 में यात्री वाहनों का निर्यात पांच प्रतिशत बढ़कर 6,77,956 इकाई हो गई, जो 2022 में 6,44,842 इकाई थी। वहीं वाणिज्यिक वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों के निर्यात में इस दौरान गिरावट आई है।

दोपहिया वाहनों का निर्यात पिछले साल 20 प्रतिशत घटकर 32,43,673 इकाई रह गया, जो 2022 में 40,53,254 इकाई था। इसी तरह, वाणिज्यिक वाहनों का निर्यात 88,305 इकाई से घटकर 68,473 इकाई रह गया। तिपहिया वाहनों का निर्यात पिछले साल 4,17,178 इकाई से 30 प्रतिशत घटकर 2,91,919 इकाई रह गया।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने पीटीआई-भाषा को बताया कि 2023 में यात्री वाहन निर्यात को नए वाहनों की पेशकश और दक्षिण अफ्रीका और खाड़ी क्षेत्र जैसे बाजारों की दबी मांग से समर्थन मिला था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर में मारुति सुजुकी इंडिया ने सबसे अधिक 2,02,786 वाहनों का निर्यात किया। यह एक साल पहले की समान अवधि के 1,92,071 इकाई के आंकड़े से छह प्रतिशत अधिक है।

हुंदै मोटर इंडिया ने इस दौरान 1,29,755 इकाइयों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 1,19,099 इकाई का था। इस अवधि में किआ इंडिया ने 47,792 इकाइयों का निर्यात किया। वहीं फॉक्सवैगन ने 33,872, निसान ने 31,678, और होंडा कार्स ने 20,262 वाहनों का निर्यात किया।

ये भी पढ़ें: विस्तारा के सीईओ ने कहा- हवाई किराये ‘अनुकूल स्तर’ पर आएंगे, तो लोग यात्रा करेंगे और एयरलाइंस कमाई

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).