एशियाई बाजारों में तेजी के चलते शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स-निफ्टी में भी बढ़त 

मुंबई। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। विशेषज्ञ के अनुसार, जापान और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने से एशियाई बाजारों में तेजी आई, जिससे घरेलू शेयर बाजारों में आशावादी रुख बना। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 288.64 अंक चढ़कर 82,475.45 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 88.95 अंक की बढ़त के साथ 25,149.85 अंक पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा मोटर्स, मारुति, इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। हालांकि, टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में गिरावट आई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहे। 

अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 68.75 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,548.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,239.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ये भी पढ़े : Asian Markets में मजबूत रुख से कारोबार में बाजार को समर्थन, सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी, इन स्टॉक्स को हुआ लाभ

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.