GDP Growth : दूसरी तिमाही बढ़ेगी भारत की GDP दर, इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च की रिपोर्ट में 7.2% की दर से बढ़ने का अनुमान

दिल्ली। इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में भारत की जीडीपी के 7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया है। इसमें निजी खपत वृद्धि प्रमुख चालक होगी। वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में भारतीय अर्थव्यवस्था 5.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के चालू वित्त वर्ष में पांच तिमाहियों में सबसे तेज गति से 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। वास्तविक जीडीपी, आधार वर्ष 2011-12 पर आधारित होती है। 

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) 28 नवंबर को वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के जीडीपी वृद्धि अनुमानों पर आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा। रेटिंग एजेंसी ने बयान में कहा कि उसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर सालाना आधार पर 7.2 प्रतिशत पर मजबूत बनी रहेगी। इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च के अर्थशास्त्री एवं कार्यकारी निदेशक पारस जसराय ने कहा, ‘‘मांग पक्ष से निजी खपत, उच्च तथा निम्न आय वाले परिवारों दोनों की स्थिर वास्तविक आय में बढ़ोतरी के कारण वृद्धि का एक प्रमुख चालक है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘विनिर्माण क्षेत्र में अनुकूल आधार-आधारित माल निर्यात वृद्धि के साथ-साथ मजबूत सेवा क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के दौरान आपूर्ति पक्ष से जीडीपी वृद्धि को बढ़ावा दिया।’’ बयान के अनुसार, एजेंसी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में निजी खपत सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़ेगी। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में यह सात प्रतिशत और दूसरी तिमाही में 6.4 प्रतिशत थी। 

रेटिंग एजेंसी ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में घोषित आयकर कटौती से भी उपभोग मांग को बल मिला। अगर माल एवं सेवा कर (जीएसअी) की दरों को युक्तिसंगत बनाने के कारण खरीदारी के फैसले स्थगित नहीं किए गए होते तो निजी उपभोग और भी तेजी से बढ़ता।’’

बयान के अनुसार, दूसरी तिमाही में निवेश की मांग सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत की मजबूत दर से बढ़ी है। अनिश्चितता के दौर में निवेश की मांग को बढ़ाने में स्थिर सरकारी पूंजीगत व्यय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

ये भी पढ़े :
इटावा में किसान की मौत : तेज रफ्तार कार से टकराई मोटरसाइकिल, स्थानीय बाजार से लौट रहा था युवक  

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.