Gold Silver Record High: रिकॉर्ड तोड़ उछाल जारी...  सराफा बाजार में सोने -चांदी की ऐतिहासिक छलांग, जानिए आज का भाव  

दिल्ली। वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से चांदी की कीमतों में मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ उछाल जारी रहा और यह 3.2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गई।

वहीं सोने के वायदा भाव में भी तेजी आई और यह 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का वायदा भाव में 9,674 रुपये या 3.2 प्रतिशत चढ़कर 3,19,949 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

सोमवार को चांदी ने पहली बार तीन लाख रुपये का आंकड़ा पार किया था और इसका बंद भाव 3,10,275 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था। चांदी के भाव में पिछले दो कारोबारी सत्रों में 32,187 रुपये या 11.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसका 16 जनवरी को बंद भाव 2,87,762 रुपये प्रति किलोग्राम था। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने के वायदा भाव में भी तेजी जारी रही और इसने नए रिकॉर्ड बनाए। 

एमसीएक्स पर फरवरी में आपूर्ति वाले सोने का भाव 2,560 रुपये या 1.76 प्रतिशत चढ़कर 1,48,199 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉमेक्स बाजार में सोने का वायदा भाव 4,700 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार कर गया। फरवरी में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 127.15 अमेरिकी डॉलर या 2.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,722.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। 

दूसरी ओर कॉमेक्स बाजार में चांदी के मार्च में आपूर्ति वाले अनुबंधों का भाव 94.74 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। स्मार्टवेल्थ.एआई के संस्थापक एवं प्रधान शोधकर्ता पंकज सिंह ने कहा कि वृहत आर्थिक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश की निरंतर मांग से मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में नए रिकॉर्ड स्तर पर वृद्धि दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें :
Stock Market Today: लगातार दूसरे दिन शेयर बाजारों में गिरावट, निचले स्तर पर सेंसेक्स-निफ्टी 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.