सोने की कीमतों में लगेगी लंबी छलांग : 1.68 लाख रुपये तक पहुंच सकता है 10 ग्राम का भाव, जानें कब तक बढ़ेंगे दाम

घरेलू बाजार में सोने की कीमत अगले 6 से 12 महीनों में बढ़कर 1.60 लाख से 1.68 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने का अनुमान है।

सोने की कीमतों में आने वाले 6 से 12 महीनों में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1.68 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। जानें सोने की कीमतों में तेजी की वजह, अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल और निवेशकों के लिए क्या हैं नए संकेत।

दिल्ली। सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आने वाले दिनों में आपकी जेब पर बोझ और बढ़ सकता है। घरेलू बाजार में सोने की कीमत अगले 6 से 12 महीनों में बढ़कर 1.60 लाख से 1.68 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने का अनुमान है। निवेश की लगातार बढ़ती मांग और दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीदारी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (एमओएफएसएल) की ताजा रिपोर्ट में सोने की कीमतों को लेकर यह अनुमान जताया गया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमकेगा सोना

एमओएफएसएल की तिमाही सर्राफा रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यम अवधि में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 4,500 से 4,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। वहीं, अल्पावधि में घरेलू बाजार में सोने का भाव करीब 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निवेश की मांग, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सोने को सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। यही वजह है कि कीमतों में आगे भी तेजी की संभावना बनी हुई है।

2026 में सोने-चांदी की कीमतों में दिखा बड़ा उतार-चढ़ाव

पिछले साल सोने में शानदार तेजी देखने को मिली थी, लेकिन 2026 में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा। अमेरिकी ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी, महंगाई, ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल और वैश्विक घटनाक्रमों ने बाजार की चाल को प्रभावित किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत जनवरी 2026 में करीब 5,600 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में गिरावट आई और भाव 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे चला गया। हालांकि, बाद में बाजार में सुधार भी देखने को मिला। इसी तरह चांदी की कीमत 100 डॉलर प्रति औंस के पार जाने के बाद तेजी से नीचे आई। रुपये और डॉलर की विनिमय दर में उतार-चढ़ाव ने भी घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित किया।

एक दशक में पांच गुना हुआ सोने का भाव

घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में पिछले एक दशक के दौरान जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के आसपास वर्ष 2016 में सोना करीब 30 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो 2026 में बढ़कर लगभग 1.5 लाख रुपये तक पहुंच गया। यह पिछले दस वर्षों में सोने की कीमतों में हुई बड़ी वृद्धि को दर्शाता है।

दिवाली से पहले सोना खरीदना रहा ज्यादा फायदेमंद

रिपोर्ट में ऐतिहासिक रुझानों का भी जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक, सोने ने आमतौर पर दिवाली के बाद के 30 दिनों की तुलना में दिवाली से पहले के 30 दिनों में बेहतर रिटर्न दिया है। वहीं, त्योहारी सीजन में सोने की घरेलू कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ घरेलू प्रीमियम, आयात और भौतिक खरीदारी की मात्रा का भी असर पड़ता है।

वैश्विक हालात तय करेंगे सोने की अगली चाल

एमओएफएसएल के जिंस शोध प्रमुख नवनीत दमानी के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच सोना सुरक्षित निवेश के रूप में अपनी अहमियत बनाए हुए है। हालांकि, आने वाले समय में सोने की कीमतों की दिशा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति, महंगाई के रुझान, अमेरिकी डॉलर की चाल और वास्तविक बॉन्ड प्रतिफल जैसे कारकों पर निर्भर करेगी। कुल मिलाकर, रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक आने वाले 6 से 12 महीनों में सोने की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिल सकती है। हालांकि, ये बाजार के अनुमान हैं और वास्तविक कीमतें वैश्विक परिस्थितियों के अनुसार घट-बढ़ सकती हैं।

ये भी पढ़ें : 
धनतेरस से पहले शेयर बाजार में धनवर्षा, 2,000 अंकों से ज्यादा की छलांग; निफ्टी भी 24,500 के पार

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.