हरदोई में बड़ा एक्शन: 2016 के बिजली चोरी केस की डायरी गायब करने पर रिटायर्ड दरोगा और सिपाही पर मुकदमा दर्ज

गायब केस डायरी का खेल खत्म, अब कानूनी शिकंजे में फंसे खाकी वाले

हरदोई के कासिमपुर थाने में 2016 के एक बिजली अधिनियम मामले की केस डायरी गायब करने के आरोप में एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर रिटायर्ड एसआई कमलेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल विक्रम कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हरदोई जिले के कासिमपुर थाने से जुड़ा एक बड़ा खुलासा सामने आया है, जहां करीब एक दशक पुराने एक मामले के अहम दस्तावेज और केस डायरी ही गायब कर दिए गए। इस गंभीर लापरवाही और मिलीभगत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी के आदेश पर कासिमपुर थाने में तैनात रिटायर्ड एसआई (दरोगा) और वर्तमान में लखीमपुर खीरी में तैनात हेड कांस्टेबल के खिलाफ आईपीसी/बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

क्या था पूरा मामला?

यह मामला साल 2016 का है। उस वक्त कासिमपुर थाने में विद्युत अधिनियम (इलेक्ट्रिसिटी एक्ट) की धारा 138 के तहत वाद संख्या-368/2016 दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोप-पत्र संख्या-214/16 तैयार किया गया था जिसे अदालत में पेश किया जाना था।

उस दौरान सीओ संडीला के कार्यालय में तैनात तत्कालीन एसआई कमलेश कुमार सिंह को यह जरूरी दस्तावेज हेड कांस्टेबल (एचसीपी) ओमप्रकाश तिवारी द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। क्राइम रजिस्टर के तकमीला से इस बात की पुष्टि भी हुई थी कि दस्तावेज सुपुर्द किए गए थे।

दस्तावेज गायब करने का खेल और जांच रिपोर्ट

अदालत में समय पर चार्जशीट और केस डायरी दाखिल करने के बजाय, रिटायर्ड एसआई कमलेश कुमार सिंह और उस समय तैनात रहे हेड कांस्टेबल विक्रम कुमार ने इन शासकीय दस्तावेजों को या तो दबा दिया या गायब कर दिया। न तो इन्हें तय समय पर कोर्ट में दाखिल किया गया और न ही थाने या सीओ कार्यालय के रिकॉर्ड में वापस जमा कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ बिलग्राम रामसूरत सोनकर को शुरुआती जांच सौंपी गई। जांच रिपोर्ट में रिटायर्ड एसआई कमलेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल विक्रम कुमार (जो वर्तमान में लखीमपुर खीरी में तैनात हैं) को दस्तावेजों को गायब करने और अपने पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया।

एसपी के निर्देश पर एसएचओ ने दर्ज कराया मुकदमा

जांच आख्या और संयुक्त निदेशक अभियोजन की संस्तुति मिलने के बाद एसपी अशोक कुमार मीणा ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर कासिमपुर थाने के एसएचओ घनश्याम राम ने आरोपी रिटायर्ड एसआई और हेड कांस्टेबल विक्रम कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

यह भी पढ़ें: सआदतगंज ट्रिपल मर्डर केस: सआदतगंज थाना प्रभारी और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी सस्पेंड

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui