Russia-Ukraine War: ईयू ने खाद्य संकट के लिए रूस को ठहराया जिम्मेदार

संयुक्त राष्ट्र। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने सोमवार को रूस को विश्व में बढ़ते खाद्य संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने रूस पर खाद्य आपूर्ति का इस्तेमाल ‘‘विकासशील देशों के खिलाफ एक गुप्त मिसाइल’’ के तौर पर करने का आरोप भी लगाया। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत ने सुरक्षा परिषद …

संयुक्त राष्ट्र। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने सोमवार को रूस को विश्व में बढ़ते खाद्य संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने रूस पर खाद्य आपूर्ति का इस्तेमाल ‘‘विकासशील देशों के खिलाफ एक गुप्त मिसाइल’’ के तौर पर करने का आरोप भी लगाया। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत ने सुरक्षा परिषद की बैठक से बर्हिगमन किया।

मिशेल ने सुरक्षा परिषद की एक बैठक में रूस के राजदूत वासिली नेबेंजिया से कहा कि उन्होंने कुछ सप्ताह पहले यूक्रेनी बंदरगाह ओडेसा पर कंटेनर और पोत में रखा लाखों टन अनाज फंसा देखा था। मिशेल ने कहा कि इसका कारण ‘काले सागर में रूसी युद्धपोतों की मौजूदगी’, खाद्यान्न भंडारण केंद्रों एवं ढुलाई ढांचे पर रूस के हमले और यूक्रेन में खेती-किसानी को बाधित कर रहे रूसी टैंक, बम और सुरंगें हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे खाद्य संकट बढ़ रहा है, लोग गरीब हो रहे हैं और पूरा क्षेत्र अस्थिर हो रहा है।

मिशेल ने जोर देकर कहा कि इस बढ़ते खाद्य संकट के लिए केवल रूस जिम्मेदार है। उन्होंने रूस पर यूक्रेन के उन इलाकों से खाद्यान्न चुराने का आरोप भी लगाया, जिन पर उसने कब्जा कर लिया है। मिशेल जब परिषद में अपनी बात रख रहे थे, तभी नेबेंजिया बाहर चले गए। संयुक्त राष्ट्र में रूस के उपराजदूत दमित्रि पोलिंस्की ने बाद में टेलीग्राम के रूसी मंच पर पोस्ट किया कि मिशेल की टिप्पणियां ‘इतनी अशिष्ट’ थीं कि रूसी राजदूत सुरक्षा परिषद के कक्ष से बाहर चले गए।

सुरक्षा परिषद की बैठक में यूक्रेन में युद्ध के दौरान यौन हिंसा के आरोपों पर ध्यान केंद्रित किया जाना था, लेकिन रूस के हमले और खासकर वैश्विक खाद्य संकट एवं बढ़ती महंगाई पर इस हमले के परिणामों का मामला भी बैठक में उठाया गया। मिशेल ने एक पैकेज समझौते को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रयासों की मजबूत पैरवी की, जो यूक्रेन से अनाज निर्यात की अनुमति देगा और यह सुनिश्चित करेगा कि रूसी खाद्य एवं उर्वरक की वैश्विक बाजारों तक निर्बाध पहुंच हो।

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत सर्गेइ किस्लित्स्या ने सुरक्षा परिषद से कहा कि उनका देश वैश्विक खाद्य संकट से निपटने का समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रमुख दक्षिणी बंदरगाह ओडेसा से निर्यात दोबारा शुरू करने के लिए ‘जरूरी कदम’ उठाने को तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सवाल उठता है कि यह कैसे सुनिश्चित किया जाए कि रूस शहर पर हमला करने के लिए व्यापार मार्ग का दुरुपयोग न कर पाए।’’ उन्होंने कहा कि यह सवाल इसलिए भी और अधिक प्रासंगिक हो गया है, क्योंकि चार रूसी मिसाइलों ने रविवार को राजधानी कीव में एक संयंत्र को निशाना बनाया, जहां यूक्रेनी बंदरगाहों पर अनाज ले जाने वाली मालवाहक कारों की मरम्मत की जा रही थी।

ये भी पढ़ें:- रानिल विक्रमसिंघे ने दी चेतावनी, कहा- श्रीलंका में ईंधन आपूर्ति में आगामी तीन सप्ताह तक मुश्किल

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).