COP-31 में चेतावनी : नहीं संभली दुनिया तो 2.6 डिग्री तक बढ़ेगा धरती का तापमान, ग्लोबल वार्मिंग पर लगाम लगाने की कोशिशें फेल

कॉप-31 में सामने आई चिंताजनक रिपोर्ट, मौजूदा वादे पूरे होने पर भी सदी के अंत तक 2.6 डिग्री तक बढ़ सकता है धरती का तापमान; 1.5 डिग्री की सीमा पार होने का खतरा

तुर्किये के अंताल्या में आयोजित COP-31 जलवायु सम्मेलन में जारी रिपोर्ट ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। पिछले पांच वर्षो से ग्लोबल वार्मिंग रोकने के प्रयासों में ठहराव है। रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा जलवायु वादे पूरे होने पर भी सदी के अंत तक धरती का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

अंताल्या। दुनिया पिछले पांच वर्षो में 'ग्लोबल वार्मिग' की रफ्तार धीमी करने या उसे रोकने में नाकाम रही है जिसकी प्रमुख वजह योजनाओं का धरातल पर नहीं उतर पाना और सकारात्मक प्रयासों के प्रभाव को दूसरे प्रतिकूल कदमों से बेअसर कर दिया जाना है। एक रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई। यह चिंताजनक आकलन तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप-31) के दौरान सामने आया है।

सम्मेलन में बृहस्पतिवार को विभिन्न देशों के नेता बढ़ते वैश्विक तापमान और इससे निपटने की अपनी योजनाओं पर विचार रखेंगे। स्वतंत्र संस्था 'क्लाइमेट एक्शन ट्रैकर' ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ''कुल मिलाकर, पिछले लगातार पांच वर्षो से जलवायु संरक्षण के प्रयासों में ठहराव बना हुआ है, क्योंकि सकारात्मक और नकारात्मक कदमों ने प्रभाव को बेअसर कर दिया है।'' 

रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 में हुए पेरिस जलवायु समझौते के बाद शुरुआती पांच वर्षों में दुनिया ने इतनी प्रगति की थी कि संभावित तापवृद्धि के अनुमान में एक डिग्री सेल्सियस (1.8 डिग्री फारेनहाइट) की कमी आई थी। हालांकि, इसके बाद से स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। जलवायु परिवर्तन मुख्य रूप से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण होता है। इन गैसों का उत्सर्जन कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईधनों को जलाने से होता है। 

जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हर साल वायुमंडल में होने वाले ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में भारी कटौती करना जरूरी है। इसके लिए अलग-अलग देश उत्सर्जन घटाने की अपनी योजनाएं बनाते हैं, जिन्हें 'राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान' (एनडीसी) कहा जाता है। हालांकि, उत्सर्जन में कटौती की गति और इसके तरीके प्रत्येक देश के लिए अलग-अलग हैं। 

रिपोर्ट के अनुसार, देशों के सामूहिक प्रयासों से वैश्विक उत्सर्जन में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आई है। ऐसे में दुनिया पूर्व-औद्योगिक काल के औसत तापमान की तुलना में तापवृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस (2.7 डिग्री फारेनहाइट) तक सीमित रखने की निर्धारित सीमा को स्थायी रूप से पार करने की ओर बढ़ रही है। पेरिस जलवायु समझौते के तहत दुनिया ने वैश्विक तापवृद्धि को पूर्व-औद्योगिक काल के स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया था। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि दुनिया के सभी देश जलवायु परिवर्तन से निपटने के अपने मौजूदा वादों को पूरा भी कर लें, तब भी इस सदी के अंत तक धरती का औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस (4.7 डिग्री फारेनहाइट) अधिक हो सकता है।

'क्लाइमेट एनालिटिक्स' की जलवायु नीति विश्लेषक और रिपोर्ट की मुख्य लेखिका सारा हेक ने कहा कि तापवृद्धि के मौजूदा अनुमान वर्ष 2024 और 2025 के अनुमानों जैसे ही हैं। इससे पता चलता है कि पिछले साल किए गए नए वादे संभावित तापवृद्धि के अनुमानों में जरा भी बदलाव लाने में सफल नहीं रहे हैं। हेक ने कहा, ''यह अब भी पर्याप्त नहीं है। देशों को अपने जलवायु लक्ष्यों को और अधिक महत्वाकांक्षी बनाने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें :
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का सख्त रुख, बोला- अमेरिका की 7 शर्ते पूरी होने तक नहीं खुलेगा रास्ता

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.