बांग्लादेश में मदरसे में लगी आग: जहरीले धुएं की चपेट में आए 79 छात्र; चार की हालत गंभीर

बांग्लादेश में मंगलवार को एक मदरसे में आग लगने के बाद धुएं के कारण कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए, जिनमें से चार छात्रों की हालत गंभीर है।

बांग्लादेश के नारायणगंज स्थित मदरसे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद जहरीले धुएं से 79 छात्र बीमार हो गए। 63 छात्र अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार की हालत गंभीर है। एक छात्र जीवन रक्षक प्रणाली पर है। हादसे में मदरसे का पुस्तकालय भी जलकर राख हो गया।

ढाका। बांग्लादेश में मंगलवार को एक मदरसे में आग लगने के बाद धुएं के कारण कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए, जिनमें से चार छात्रों की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समाचार पोर्टल 'बीडीन्यूज डॉट कॉम' ने अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया कि आग राजधानी ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर नारायणगंज स्थित जामिया अशरफिया मदरसे में लगी। छात्रों को इलाज के लिए ढाका के 'नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी' में ले जाया गया। 

धुएं से बिगड़ी छात्रों की तबीयत, 63 अस्पताल में भर्ती

समाचार पोर्टल 'बीडीन्यूज डॉट कॉम' के मुताबिक, मदरसे में आग लगने के बाद तेजी से फैले धुएं के कारण छात्रों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उन्हें ढाका स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी में भर्ती कराया गया। चिकित्सा संस्थान के चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर ने बताया कि 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया है। वहीं, शुरुआती उपचार के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।

चार छात्र आईसीयू में, एक जीवन रक्षक प्रणाली पर

डॉक्टरों के अनुसार, 14 से 22 वर्ष की उम्र के चार छात्रों की हालत गंभीर है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है। इनमें एक छात्र को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। चिकित्सकों ने बताया कि किसी भी छात्र के शरीर पर जलने के निशान नहीं हैं, लेकिन जहरीला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचने से उन्हें सांस संबंधी दिक्कतें हुई हैं। छात्रों की स्थिति का आकलन करने के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर रूप से बीमार छात्रों की हालत का सही आकलन करने में कम से कम 72 घंटे का समय लग सकता है।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, पुस्तकालय जलकर राख

'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां ने बताया कि मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया और वहां मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान कई छात्रों को सांस लेने में परेशानी हुई। अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। अस्पताल में भर्ती छात्रों ने बताया कि आग की चपेट में आने से दूसरी मंजिल पर स्थित मदरसे का पुस्तकालय पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

ये भी पढ़ें : 
कपिल शर्मा कैफे फायरिंग: कनाडा पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी, जबरन वसूली का कनेक्शन आया सामने

 

 

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.