करोलबाग में जूते के बाजार में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित रानी झांसी जूता बाजार में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिससे कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही 39 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने में 200 …

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित रानी झांसी जूता बाजार में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिससे कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही 39 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने में 200 से अधिक दमकलकर्मियों को करीब पांच घंटे का वक्त लगा।

उन्होंने कहा कि आग में किसी के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर नहीं है और ‘कूलिंग ऑपरेशन’ जारी है। अधिकारियों ने कहा कि आग के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया, ‘‘करोलबाग के गफ्फार मार्केट स्थित जूते के बाज़ार में आग लगने की सूचना सुबह चार बजकर 16 मिनट के करीब मिली और इसके बाद 39 दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया।’’

अग्निशमन सेवा के निदेशक ने कहा कि जिन दुकानों में आग लगी उनमें से किसी के पास भी दमकल विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं था। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, जूता बाज़ार की इमारतों में आमतौर पर दुकानें भूतल में स्थित होती हैं, जबकि ऊपरी तल का इस्तेमाल गोदामों के तौर पर करते हैं।

अभियान के दौरान दमकलकर्मियों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में बताते हुए गर्ग ने कहा कि जिस क्षेत्र में आग लगी थी, वह एक संकरी गली है। वहां मुख्य रूप से भीड़भाड़ रहती है। उन्होंने कहा, ‘‘बाज़ार क्षेत्र में बिजली के बहुत सारे तार लटक रहे थे, जो खतरनाक हैं और असुविधा का कारण बनते हैं।

आग बुझाने के लिए जल संसाधनों की भी कमी थी। भवन जर्जर हो गये हैं, इसलिए इमारतों में पहले से ही दरारें आयी हुई हैं।’’ पुलिस के अनुसार, रानी झांसी बाजार में फुटवियर की थोक दुकानें हैं और उनमें से छह-सात आग में जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी एवं बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस और दिल्ली अग्निशमन सेवा कर्मियों के अलावा, कैट्स एम्बुलेंस, दिल्ली नागरिक सुरक्षा, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और यातायात पुलिस के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। स्थानीय पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए एमडब्ल्यूए से सम्पर्क में हैं कि अन्य दुकानें बंद रखी जाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘डीएम सेंट्रल और एसडीएम करोल बाग ने भी दोपहर में घटनास्थल का निरीक्षण किया।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मी स्थल पर ‘कूलिंग ऑपरेशन’ कर रहे हैं। डीएफएस के अनुसार, आग से प्रभावित दुकानों वाले दो भवन कमजोर हो गये हैं। डीसीपी ने कहा कि दिल्ली नगर निगम को इसकी सूचना दे दी गई है।

इसे भी पढ़ें- बंगाल के नदिया जिले में भड़की हिंसा, लोकल ट्रेन पर प्रदर्शनकारियों ने किया हमला

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).