मध्यप्रदेश उपचुनाव: 28 विधानसभा सीटों पर 12 बजे तक 26.79 प्रतिशत मतदान

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत मंगलवार दोपहर 12 बजे तक 26.79 फीसदी मतदान हुआ है। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 के दिशा निर्देश के साथ मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। प्रदेश के 19 जिलों में 28 विधानसभा सीटों पर दोपहर 12 बजे तक कुल 26.79 …

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत मंगलवार दोपहर 12 बजे तक 26.79 फीसदी मतदान हुआ है। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 के दिशा निर्देश के साथ मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। प्रदेश के 19 जिलों में 28 विधानसभा सीटों पर दोपहर 12 बजे तक कुल 26.79 प्रतिशत मतदान हुआ है।

प्रदेश में सुबह दस बजे तक सबसे अधिक मतदान धार जिले की बदनावर सीट पर 35.39 प्रतिशत तथा सबसे कम मतदान ग्वालियर पूर्व सीट पर 16.36 प्रतिशत हुआ। अधिकारी ने बताया कि मतदान का अंतिम घंटा कोरोना वायरस के मरीजों तथा कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के लिये निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरु हुआ तथा मतदान की शुरुआत से पहले मॉक पोलिंग के दौरान कहीं से भी कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई। अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव में प्रदेश के 12 मंत्रियों सहित 355 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। उपचुनाव में सुरक्षा के लिये 19 जिलों में 33 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं।

कुल 9 हजार 361 मतदान केन्द्रों पर 63 लाख 67 हजार से अधिक मतदाता शाम छह बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतों की गणना 10 नवंबर को संबंधित विधानसभा क्षेत्र या जिला मुख्यालय पर होगी। उपचुनाव में कुल 355 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है, जिनमें 12 मंत्री भी शामिल हैं। मतदान के लिये 13 हजार 115 बैलेट यूनिट, 13 हजार 115 कंट्रोल यूनिट और 14 हजार 50 वीवीपेट जिलों में उपलब्ध कराए गए हैं। मतदान शुरू होने से 90 मिनट पहले उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मॉकपोल भी हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

पुलिस, मजिस्ट्रेट और मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। कोविड-19 से बचाव की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान के बाद ईव्हीएम स्ट्रॉंग रूम में लाई जायेंगी। केन्द्रीय प्रेक्षक की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए ईव्हीएम मशीनों को सील किया जायेगा। राज्य में जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, डबरा, भांडेर, करैरा, पोहरी, बामोरी, अशोकनगर, मुंगावली, सुरखी, मलहरा, अनूपपुर, सांची, ब्यावरा, आगर, हाटपिपल्या, मांधाता, नेपानगर, बदनावर, सांवेर और सुवासरा विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।

इनमें से 16 सीट ग्वालियर चंबल अंचल से हैं। कुल 28 सीटों में से 25 पर संबंधित विधायकों के त्यागपत्र और 03 अन्य पर विधायकों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। इन 28 सीटों में से 27 पर कांग्रेस का और एकमात्र आगर सीट पर भाजपा का कब्जा था। उपचुनाव में राज्य के 12 मंत्रियों और कुछ पूर्व मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी है। पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट (भाजपा, सांवेर) और गोविंद सिंह राजपूत (भाजपा, सुरखी) की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी।

इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी (सांची), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एदल सिंह कंसाना (सुमावली), कृषि राज्य मंत्री गिर्राज डंडोतिया (दिमनी), सहकारिता राज्य मंत्री ओपीएस भदोरिया(मेहगांव), ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर (ग्वालियर), महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी (डबरा) और लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ (पोहरी) की प्रतिष्ठा भी दाव पर है। राज्य में सत्तारूढ़ दल भाजपा सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया(बामोरी), बृजेंद्र सिंह यादव (मुंगावली), बिसाहूलाल सिंह (अनूपपुर), राजवर्धन सिंह दत्तीगांव (बदनावर) और हरदीप सिंह डंग (सुवासरा) चुनाव मैदान में हैं।

पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह बौद्ध बसपा के टिकट पर भांडेर से चुनाव मैदान में हैं। वे पूर्ववर्ती दिग्विजय सिंह सरकार में गृह मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा भांडेर से इस बार कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर बसपा के पूर्व प्रदेश प्रमुख फूल सिंह बरैया भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बामोरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मंत्री कन्हैयालाल अग्रवाल भी कांटे की टक्कर में हैं। वे पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में वर्तमान में 201 विधायक हैं। इनमें से भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। कुल 29 सीट रिक्त हैं, जिनमें से 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दमोह सीट हाल ही में कांग्रेस विधायक राहुल सिंह के हाल ही में विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण रिक्त हुयी है।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).