ट्रंप का व्यापार वाला दावा खारिज, MEA प्रवक्ता ने कहा- सीजफायर वार्ता में ट्रेड का जिक्र नहीं

नई दिल्ली। भारत ने मंगलवार को साफ तौर पर कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई के लिये भारतीय सेनाओं के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और अमेरिका के नेताओं की बातचीत में व्यापार का कोई मुद्दा नहीं उठा था। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में इस बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावे के बारे में पूछे जाने पर कहा कि आपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेनाओं ने जब पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाया तो तमाम देशों के नेताओं ने भारत से बातचीत की थी। 

जायसवाल ने व्यापार के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रम्प के दावे के बारे में पूछे गये सवाल पर कहा, “अमेरिकी नेताओं के साथ बातचीत में व्यापार का मुद्दा कभी नहीं उठा था।” गौरतलब है कि श्री ट्रम्प ने कल व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को हुई संघर्ष विराम की घोषणा के बारे में दावा किया था, 

“हमने बहुत मदद की। हमने व्यापार से मदद की। हमने कहा कि हम आपके साथ बहुत सारा व्यापार करते हैं, इसे (लड़ाई) बंद करें। अगर आप रुकेंगे, तो हम व्यापार करेंगे, अगर नहीं रुकेंगे, तो हम व्यापार नहीं करेंगे। व्यापार खत्म करने की बात आते ही वे (भारत और पाकिस्तान) तुरंत संघर्ष रोकने को तैयार हो गये।

सिंधु जल संधि पर साफ किया- खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा    

प्रवक्ता ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि के बारे में कहा कि यह संधि सद्भावना के वातावरण में हुई थी, जो संधि की प्रस्तावना में उल्लेखित है, लेकिन पाकिस्तान ने सीमा पार से आतंकवाद का संचालन और आबादी में परिवर्तन के माध्यम से उस भावना को खत्म कर दिया जिसके आधार पर संधि की गयी थी। 

बता दें कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद अगले पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाये जिसमें इस संधि को स्थगित करने का निर्णय भी शामिल था। भारत ने बंगलादेश में शीघ्र ही निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराये जाने की आवश्यकता पर बल देते हुये वहां अंतरिम सरकार द्वारा राजनीतिक आजादी पर अंकुश लगाये जाने पर चिंता व्यक्त की है। 

अवामी लीग पर प्रतिबंध भारत ने जाहिर की चिंता

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बंगलादेश में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने की वहां की अंतरिम सरकार के निर्णय पर भारत की चिंता जाहिर की। प्रवक्ता ने कहा कि बंगलादेश में लोकतंत्र का दायरा सीमित हो रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी दल के खिलाफ कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया होती है, अवामी लीग के मामले में किसी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

ये भी पढ़े : Srinagar Airport Reopen: सीजफायर के बाद खुला श्रीनगर एयरपोर्ट, SpiceJet हज के लिए यात्रियों को देगा ये सुविधायें, जाने पूरी डिटेल

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.