प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया के सामने मिसाल के तौर पर पेश किया: भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की चुनौती से बखूबी निपटते हुए दुनिया के सामने भारत को एक मिसाल के तौर पर पेश किया है। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की रविवार को यहां आयोजित बैठक में पारित इस प्रस्ताव के बारे में …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की चुनौती से बखूबी निपटते हुए दुनिया के सामने भारत को एक मिसाल के तौर पर पेश किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की रविवार को यहां आयोजित बैठक में पारित इस प्रस्ताव के बारे में जानकारी देते हुए पार्टी के उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, “कोरोना के दौरान भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस संकट से निपटने की थी, क्योंकि 130 करोड़ की आबादी वाले देश में स्वास्थ्य सम्बन्धी मूलभूत सुविधाएँ मजबूत नहीं थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के चलते लॉकडाउन के 48 घंटे के भीतर करोड़ों गरीब मज़दूर आबादी को राहत देने के लिए 2.76 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की गयी।

इससे 80 करोड़ ज़रूरतमंदो तक राशन पहुँचाने का काम किया गया।” उन्होंने कहा, “कोरोना काल में सेवा के संकल्प में संगठन को गतिशील करने का काम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया जिसके चलते सेवा ही संगठन कार्यक्रम से 22 करोड़ से अधिक लोगों को खाने की व्यवस्था की गयी। रमन सिंह ने कहा, “हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत के कारण भारत ने दो-दो कोरोना वैक्सीन बनाने में सफलता हासिल की। आज दुनिया के 17 देशों को भारत वैक्सीन भेज रहा है।

भारत ने एक करोड़ कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य मात्र 34 दिन में पूरा किया है, जबकि ब्रिटेन ने 56 दिनों में एक करोड़ लोगों का टीकाकरण किया है।” राजनीतिक प्रस्ताव में कृषि क़ानूनों के समर्थन की बात कहते हुए श्री सिंह ने कहा, “कृषि कल्याण, कृषि सुधार और किसानों के हित में श्री मोदी ने तीन कानूनों के माध्यम से बड़े फैसले लिए। इससे किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले, आय दोगुनी हो, किसान अपनी उपज कहीं भी बेच सके, ऐसी स्वतंत्रता मिली है।

पांच राज्यों में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में श्री सिंह ने कहा, “इस बार पश्चिम बंगाल की जनता का अपार समर्थन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा को मिल रहा है। वहाँ की जनता अलोकतांत्रिक और दमनकारी सरकार से त्रस्त है, इसलिए भाजपा निश्चित रूप से वहाँ जीत हासिल करेगी।” उन्होंने कहा, “राजनीतिक प्रस्ताव में आम बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा गया है कि इससे आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा होगा और यह सर्वस्पर्शी, समावेशी बजट देश के विकास की नींव को मज़बूत करेगा।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को सम्बोधित भी किया। भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में कई राज्यों में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गयी।

उन्होंने कहा, “आत्मनिर्भर भारत अभियान और कृषि कानूनों पर भी बैठक में चर्चा की गयी। साथ ही राज्य आधारित समूह की बैठकों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा और घोषणा की गयी। इसके अलावा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठकों की रूपरेखा, राज्य की इकाइयों द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और चुनावी राज्यों की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।

कोरोना महामारी के चलते जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए बैठक में शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस बैठक में भाजपा की सर्वोच्च निर्णायक इकाई संसदीय मंडल के सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यों के अध्यक्ष और संगठन महासचिव भाग ले रहे हैं ।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).