ओमान की खाड़ी में फंस गया जहाज, मदद को पहुंचे भारतीय नौसेना के जांबाज और फिर…

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने ओमान की खाड़ी में फंसे एक मालवाहक जहाज के चालक दल में शामिल सात भारतीय सदस्यों को सहायता प्रदान की। जहाज के प्रणोदन और जेनरेटर प्रणाली में गड़बड़ी आ जाने के कारण वह समुद्र में फंसा हुआ था। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यह …

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने ओमान की खाड़ी में फंसे एक मालवाहक जहाज के चालक दल में शामिल सात भारतीय सदस्यों को सहायता प्रदान की। जहाज के प्रणोदन और जेनरेटर प्रणाली में गड़बड़ी आ जाने के कारण वह समुद्र में फंसा हुआ था। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि यह मालवाहक जाहज ओमान से इराक की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना ने बृहस्पतिवार को फंसे हुए जहाज एमवी नयन को सहायता प्रदान की। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तलवार को मालवाहक जहाज से तकनीकी मदद का आग्रह करने वाला संदेश मिला था। आईएनएस तलवार ओमान की खाड़ी में तैनात है।

अधिकारियों ने बताया कि मालवाहक जहाज के प्रणोदन, बिजली पैदा करने वाले जेनरेटर और दिशासूचक प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया था। इससे जहाज नौ मार्च से समुद्र में ही फंसा हुआ था। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया, ”एमवी नयन के शुरुआती हवाई आकलन के आधार पर भारतीय नौसेना के जहाज ने फंसे हुए जहाज की मदद के लिए नौका से एक तकनीकी टीम के साथ वीबीएसएस (विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीजर) टीम भेजी। फंसे हुए जहाज के चालक दल में सात सदस्य भारतीय थे।”

अधिकारी ने बताया कि नौसेना की टीम ने एमवी नयन पर लगातार सात घंटे काम कर जेनरेटर, स्टीयरिंग पंप, सी वाटर पंप, कम्प्रेसर और मुख्य इंजन जैसे जहाज के अहम उपकरणों को चालू किया। उन्होंने बताया, ”एमवी नयन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके, इसके लिए नौसेना की टीम ने उसके जीपीएस और दिशासूचक प्रकाश जैसे उपकरणों को चालू करने में भी मदद की।”

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).