‘ताऊ ते’ का कहर: बंबई हाई तेल क्षेत्र के पास समुद्र में बहा बजरा, सैकड़ों लोग थे सवार

मुंबई। अरब सागर में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘ताऊ ते’ के कारण मुंबई के तट से एक बजरा बिना लंगर के समुद्र में बह गया है, जिस पर 273 लोग सवार हैं। अधिकारियों ने बताया कि ‘ताउते’ के सोमवार की शाम गुजरात तट पर पहुंचने और उसके भीषण होने का अनुमान है। नौसेना के एक …

मुंबई। अरब सागर में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘ताऊ ते’ के कारण मुंबई के तट से एक बजरा बिना लंगर के समुद्र में बह गया है, जिस पर 273 लोग सवार हैं। अधिकारियों ने बताया कि ‘ताउते’ के सोमवार की शाम गुजरात तट पर पहुंचने और उसके भीषण होने का अनुमान है। नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बॉम्बे हाई के हीरा तेल क्षेत्र से बजरा संख्या ‘पी305’ के बहने और इस संबंध में सहायता का अनुरोध मिलने पर एनआईएस कोच्चि को तुरंत खोज और बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया है। बजरा पर 273 लोग सवार हैं।’’

यह तेल क्षेत्र मुंबई से करीब 70 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। बजरा आकार में नौका की तरह होता है लेकिन इसमें नीचे कक्ष और ऊपर छत होती है। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘भारत के पश्चिमी तट पर तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के मद्देनजर मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्य के लिए अन्य कई जहाजों को भी तैयार रखा गया है।’’

युद्ध पोत आईएनएस कोच्चि के शाम करीब चार बजे बजरा के पास पहुंचने का अनुमान है। महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्र से गुजर रहा तूफान सोमवार की सुबह मुंबई पहुंचा और इस कारण शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ान सेवा पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक बंद रही। ताउते के कारण पड़ोसी रायगड जिले में ‘रेड अलर्ट’ जबकि मुंबई में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

मुंबई में मोनो रेल सेवा दिन भर के लिए बंद की गयी है। मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवा घाटकोपर से विखरोली के बीच प्रभावित रही।चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के उत्तर में गुजरात की ओर बढ़ने के दौरान महाराष्ट्र और गोवा में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें दिखीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि चक्रवात सोमवार की शाम गुजरात तट पर पहुंचेगा और वह भीषण होगा।

मौसम विभाग के चक्रवात चेतावनी केन्द्र ने कहा, ‘‘पूर्व-मध्य अरब सागर में उठा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ पिछले छह घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है और उसने भीषण रूप धारण कर लिया है।’’ उसने कहा, ‘‘उसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 मई की शाम पोरबंदर और महुवा (भावनगर जिला) के बीच गुजरात तट पर पहुंचने का अनुमान है और 17 मई की रात (आठ से 11 बजे के बीच) भीषण तूफान आने की आशंका है जिसमें हवा की गति 155 से 165 किलोमीटर प्रतिघंटा से बढ़कर अधिकतम 185 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा सकती है।’’

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).