UP Scholarship: एक बार फिर कहीं वंचित न रह जाएं 37 हजार छात्र-छात्राएं! अब अक्टूबर में छात्रवृत्ति मिलने का किया जा रहा दावा 

लखनऊ, अमृत विचार: पिछले वित्तीय वर्ष में वंचित रहे दशमोत्तर कक्षाओं के 37 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का भुगतान सितंबर महीने में भी नहीं हो पाएगा। पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) का समय से रिस्पांस न मिलने की वजह से अब इन छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की राशि अक्टूबर महीने के पहले सप्ताह तक पहंचेगी।

पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में समय से परीक्षा परिणाम न घोषित होने सहित कई वजहों से दशमोत्तर कक्षाओं के 37,793 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित रह गए हैं। नियमानुसार छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति अगले वित्तीय वर्ष में नहीं मिलती। लेकिन, समाज कल्याण मंत्री के प्रयासों से सरकार ने इन छात्र-छात्राओं को इस वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति देने के लिए दोबारा पोर्टल खोला गया था। तय किया गया था कि 31 जुलाई से 22 अगस्त तक छात्रवृत्ति पोर्टल संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा कर पात्र लाभार्थी छात्र-छात्राओं के खातों में 30 अगस्त तक छात्रवृत्ति पहुंच जाएगी। तकनीकी दिक्कतों के चलते ऐसा न हो पाने पर समाज कल्याण विभाग की ओर से समय सारिणी में संशोधन किया गया था, जिसके तहत छात्रवृत्ति का पैसा खातों में 26 सितंबर को भेजा जाना था, जो अब अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ेः Lucknow University: छात्रों को खूब भा रहा NEP Exit Program, अब नहीं बर्बाद होता पूरा साल

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.