नई दिल्ली। टाइगर श्रॉप पर हमले के बाद अब गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। पोस्ट में उसने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट और इसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट की शुरुआत 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' लिखकर की। इसके बाद उसने मुंबई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से अपने दो कथित साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह की गिरफ्तारी का जिक्र किया। पोस्ट में दावा किया गया कि दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उसने यह भी कहा कि उसके साथी किसी वारदात में शामिल नहीं थे और आगे भी किसी वारदात को अंजाम नहीं देंगे।
मुंबई में 200 साथियों के सक्रिय होने का दावा
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि मुंबई में उसके करीब 200 साथी तैयार हैं। इसके साथ ही उसने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। उसने चेतावनी दी कि दुनिया के किसी भी देश में रहने वाला कोई व्यक्ति यदि सिख समुदाय के खिलाफ बोलेगा तो उससे हिसाब लिया जाएगा।
अमिताभ और अभिषेक बच्चन को लेकर कही गोली मारने की बात
पोस्ट के आखिरी हिस्से में गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए धमकी दी। उसने लिखा कि दोनों चाहे जितने बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, उन्हें गोली मारी जाएगी। पोस्ट के साथ उसने 1984 के दंगों को लेकर न्याय की मांग से जुड़े हैशटैग भी इस्तेमाल किए।
1984 के दंगों को लेकर पहले भी विवादों में रहे अमिताभ
अमिताभ बच्चन पर 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान हिंसा भड़काने वाले नारे लगाने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। हालांकि, अभिनेता इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं। वर्ष 2011 में उन्होंने अकाल तख्त को पत्र लिखकर इन आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया।
यह विवाद पिछले साल एक बार फिर चर्चा में आया था, जब गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन से मिले थे और सम्मान में उनके पैर छुए थे। इसके बाद कुछ संगठनों ने दिलजीत की आलोचना की थी।
यह भी पढ़ें:-कपिल शर्मा कैफे फायरिंग: कनाडा पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी, जबरन वसूली का कनेक्शन आया सामने