UPITS 2026 : मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट से सजेगा यूपी ट्रेड शो, मालविका हरिओम के लोकगीत बढ़ाएंगे शाम की रौनक

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट से पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सितार वादन तक पांच शामें सांस्कृतिक रंगों से सजेंगी। लोकगीत, कथक, राई, थारू नृत्य और सूफी संगीत से दुनिया देखेगी यूपी की सांस्कृतिक विविधता।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 इस बार कारोबार के साथ कला और संस्कृति का भी बड़ा मंच बनेगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले आयोजन की पांचों शामें लोक परंपराओं, शास्त्रीय संगीत, नृत्य और सुगम संगीत से सजी रहेंगी। देश-प्रदेश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन की शुरुआत शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी।

जानें सारे कार्यक्रम का शेड्युल 

पहली शाम लखनऊ की मालविका हरिओम के लोकगीत, मथुरा का लोकनृत्य, कथक नृत्य नाटिका और भजन प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दूसरी शाम बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट होगी। इसके साथ वाद्य वृंद, लोकगीत, कथक और प्रयागराज का ढेढिया नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।

तीसरी शाम पखावज वादन, रायबरेली का आल्हा गायन, झांसी का राई लोकनृत्य और कथक की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद सर्वत्र बैंड प्रस्तुति देगा। 

चौथी शाम वाराणसी के पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र का सितार वादन मुख्य आकर्षण होगा। इसके साथ सुगम संगीत, कथक, पीलीभीत का थारू जनजातीय नृत्य और सूफी बैंड की प्रस्तुति होगी।

समापन की शाम मुंबई के ओमप्रकाश दुबे का भजन गायन, गोरखपुर के राकेश उपाध्याय के लोकगीत और कथक नृत्य नाटिका के साथ कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला का ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ कार्यक्रम होगा।

ट्रेड शो को केवल कारोबार और निवेश का मंच न रखकर प्रदेश की कला, लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की पहल के रूप में भी तैयार किया गया है। इससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को अंतरराष्ट्रीय कारोबारियों और आगंतुकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। सरकारी स्तर पर भी यूपीआईटीएस को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के साथ सांस्कृतिक और उद्यमिता संबंधी पहचान प्रदर्शित करने वाले मंच के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
UPITS 2026 : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बनेंगे वालंटियर, एक्सपो पासपोर्ट से सीखेंगे कारोबारी दुनिया की बारीकियां

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.