जब चित्र बोलता नहीं, तब मस्तिष्क उसे देखता है

जब चित्र बोलता नहीं, तब मस्तिष्क उसे देखता हैकिसी चित्र को देखने के बाद हमारा पहला सवाल प्रायः होता है-‘इसका अर्थ क्या है?’ कलाकार क्या कहना चाहता है, चित्र के पीछे कौन-सा विचार है, उसका सामाजिक या राजनीतिक संदर्भ क्या है? इन प्रश्नों के बीच कई बार वह सबसे बुनियादी बात पीछे छूट जाती है कि चित्र का पहला उद्देश्य उसका देखा जाना है। यानी चित्र को देखना और अनुभव करना महत्वपूर्ण है न कि उसके आशय या अर्थ को समझना।

फ्रांसीसी चित्रकार पॉल सेजान का चर्चित कथन है- “कला के बारे में होने वाली बातचीत लगभग निरर्थक है।” मूर्तिकार नाउम गाबो भी कुछ इसी ओर संकेत करते हैं। उनके अनुसार लोग अक्सर किसी चित्र से दृश्य के अलावा शब्दों में संवाद की अपेक्षा करते हैं। यदि किसी चित्र या मूर्ति को शब्दों द्वारा समझाना अनिवार्य हो जाए, तो या तो कलाकृति अपना काम पूरा नहीं कर पाई है या दर्शक दृश्य को ग्रहण करने में असमर्थ है।

इन दोनों कलाकारों के कथनों को ब्रिटिश न्यूरोबायोलॉजिस्ट सेमिर जेकी ने एक अलग संदर्भ में देखा। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के वेलकम डिपार्टमेंट ऑफ कॉग्निटिव न्यूरोलॉजी से जुड़े जेकी ने ‘आर्ट एंड द ब्रेन’ शीर्षक अपने विस्तृत शोधपत्र में कला को मानव मस्तिष्क की कार्यप्रणाली के संदर्भ में समझने का प्रयास किया है। उनका मूल प्रश्न है, जब हम किसी कलाकृति को देखते हैं, तब हमारे मस्तिष्क में क्या घटित होता है?

सामान्यतः हम यह मानते हैं कि आंखें सामने मौजूद वस्तु को सीधे देख लेती हैं, जबकि विज्ञान बताता है कि देखने की प्रक्रिया इससे कहीं अधिक जटिल है। आंखों से प्राप्त सूचना मस्तिष्क में पहुंचकर अलग-अलग स्तरों पर संसाधित होती है। रंग, आकार, गति, स्थान और आकृति जैसे दृश्य गुणों को मस्तिष्क विशिष्ट ढंग से ग्रहण करता है। इसलिए देखना केवल आंख का काम नहीं, आंख सूचना प्राप्त करती है और मस्तिष्क उसे दृश्य अनुभव में बदलता है।

ऐसे में कला या कलाकृति को समझने में यह तथ्य महत्वपूर्ण हो जाता है। हम जानते हैं कि कलाकार प्रकृति की यांत्रिक नकल नहीं करता, फोटोग्राफी या विडियोग्राफी की तरह। वह अपने आसपास के दृश्य संसार में से कुछ चुनता है, कुछ छोड़ता है और कुछ को विशेष महत्व देता है। वह रंग को वस्तु के वास्तविक रंग से अलग कर सकता है, रेखा को स्वतंत्र अभिव्यक्ति बना सकता है या आकृति को उसके परिचित रूप से मुक्त कर सकता है। दर्शक भी इन संकेतों को अपने मस्तिष्क के माध्यम से व्यवस्थित करता है।

इस दृष्टि से आधुनिक कला का इतिहास केवल नई शैलियों का इतिहास नहीं, बल्कि देखने के तरीकों में आए परिवर्तन का भी इतिहास है। इम्प्रेशनिज्म (प्रभाववाद) में प्रकाश और क्षणिक दृश्य-अनुभूति पर जोर दिया गया, सेजान ने वस्तुओं को रंग और संरचना के संबंधों में देखा, क्यूबिज्म (घनवाद) ने एक ही वस्तु को अनेक दृष्टिकोणों से प्रस्तुत किया और अमूर्त कला ने रंग, रेखा और रूप को वस्तु की पहचान से काफी हद तक स्वतंत्र कर दिया। इन प्रयोगों में कलाकार बाहरी यथार्थ की नकल करने के बजाय देखने की प्रक्रिया की संभावनाओं को तलाश रहा होता है।

सेजान का महत्व इसी संदर्भ में समझा जा सकता है। उनके लिए प्रकृति केवल आंखों के सामने मौजूद वस्तुओं का संग्रह नहीं थी। वे वस्तुओं को रंगों, आकारों और संरचनात्मक संबंधों में देखने का प्रयास करते थे। उनकी चित्रकला में वस्तु का प्रतिरूप धीरे-धीरे उस दृश्य अनुभव में बदलता है, जो कलाकार के सामने घटित हो रहा है। आधुनिक चित्रकला की दिशा बदलने में सेजान की भूमिका इसलिए निर्णायक मानी जाती है। यहां जेकी का वैज्ञानिक दृष्टिकोण सेजान के कथन को नया अर्थ देता है। यदि कला का मूल आधार दृश्य अनुभव है, तो उसके बारे में लिखे गए शब्द उस अनुभव की व्याख्या कर सकते हैं, लेकिन उसका स्थान नहीं ले सकते। कला आलोचना चित्र की ओर हमारी दृष्टि को निर्देशित कर सकती है, पर स्वयं चित्र को देखने का अनुभव नहीं दे सकती।

आज यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि समकालीन कला में कलाकृति के साथ कलाकार का वक्तव्य और क्यूरेटर की व्याख्या कई बार इतनी प्रभावी हो जाती है कि दर्शक चित्र को देखने से पहले ही उसके ‘अर्थ’ से परिचित हो जाता है। परिणाम यह होता है कि हम कलाकृति को उसके दृश्य रूप में देखने के बजाय पहले से उपलब्ध शब्दों के आधार पर पढ़ने लगते हैं। नाउम गाबो की आपत्ति इसी प्रवृत्ति पर पुनर्विचार का अवसर देती है। हालांकि इसका अर्थ कला-लेखन या आलोचना की निरर्थकता नहीं है।

सुमन कुमार सिंह, कला लेखक, गाजियाबाद

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.