सुबह बुलबुल की चहचहाहट से आंख खुली तो हड़बड़ाकर घड़ी की तरफ देखा। छह बज चुके थे। दाने का डिब्बा उठाया। फुलवारी में चिड़ियों के लिए जो घोंसला लगा रखा था, उसमें नमकीन रखना मेरा पहला काम होता था। इसके बाद गौरैया, बुलबुल, मैना, कुछ काली चिड़ियां, रंग-बिरंगी छोटी-छोटी चिड़ियां और एक-दो कौवे व गिलहरियां पूरा दिन चहचहाते रहते। मेरे जीवन का तो यह सबसे मधुर संगीत बन गया था।
घोंसले में नमकीन खत्म हो जाती तो फिर रखती। एक मिट्टी के बर्तन में पानी रखा रहता। जब चिड़ियां उसके दोनों किनारों पर बैठकर पानी पीतीं तो मुझे इतनी खुशी मिलती कि लगता, जैसे समय यहीं ठहर जाए। गुलाब, लिली, अपराजिता, रतनजोत और बेगमवेलिया के फूलों के बीच तितलियों और चिड़ियों को उड़ते देखना लगता, यही जीवन का सबसे बड़ा सुख है।
कई दिनों से बुलबुल के जोड़े को पीछे की क्यारी में बार-बार चक्कर लगाते देखा। एक दिन उत्सुकतावश झांककर देखा तो अशोक के पेड़ पर लटका हुआ छोटा-सा घोंसला दिखाई दिया। खुशी के मारे मेरा रोम-रोम खिल गया। सचमुच, मेरी कल्पना को पंख मिल गए। अब दिन में कई बार घोंसले को झांककर देखती-क्या बुलबुल बैठी है? क्या अंडे आ गए हैं? शायद उन्हें अतिरिक्त भोजन की जरूरत होगी, यह सोचकर अधिक बार नमकीन रखने लगी। रात में बुलबुल घोंसले में बैठी दिखाई देने लगी तो यकीन हो गया कि अंडे आ चुके हैं। अब इंतजार था कि बच्चे कब आएंगे।
एक दिन बुलबुल की आवाज सुनकर झांककर देखा तो दुनिया का सबसे खूबसूरत दृश्य सामने था। बच्चे मुंह खोल रहे थे और बुलबुल बारी-बारी से दोनों को अपनी चोंच से दाना खिला रही थी। एक पल को लगा, जीवन जैसे धन्य हो गया। कुछ दिन बाद दोनों बच्चे एक पेड़ से दूसरे पेड़ की ओर उड़ रहे थे। उनके माता-पिता साथ-साथ उड़कर उनके पंखों को उड़ान दे रहे थे। इन खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करने का प्रयास किया, मगर शायद उनके मन में मेरे प्रति संदेह था, क्योंकि इंसान पर विश्वास करना ही सबसे कठिन होता है।
दो-तीन दिन इन सुखद पलों को देखकर मन आनंदित रहा। फिर एक दिन घोंसला खाली हो गया। बच्चों के जीवन को उड़ान मिल चुकी थी। वे अपनी मंजिल की ओर चले गए थे। बुलबुल अभी दाना-पानी खाने आती है, मगर अब अपने बनाए घोंसले में नहीं बैठती। मन कई दिन उदास रहा। फिर खुद को समझा लिया-आखिर हम इंसानों के जीवन में भी तो ऐसा ही होता है।