अब आईफोन चोरी या खो जाने की नो टेंशन ... एप्पल देगा loss coverage, अपने कस्टमर को दी बड़ी राहत 

दिल्ली। अमेरिकी टेक दिग्गज एप्पल ने मंगलवार को भारत में एप्पलकेयर प्लस विकल्पों के विस्तार की घोषणा की जिसमें अब आईफोन चोरी होने या खो जाने पर भी कवरेज का लाभ मिलेगा। कंपनी ने बताया कि इसके तहत आईफोन के चोरी होने या खो जाने पर भी ग्राहकों को एप्पलकेयर प्लस का लाभ मिल सकेगा।

ग्राहक मासिक या वार्षिक एप्पलकेयर प्लस प्लान ले सकेंगे। उनके पास अपने एप्पल प्रोडक्ट्स की सुरक्षा के बारे में अब अधिक विकल्प और लचीलापन उपलब्ध होगा, वे जब तक चाहें इसे एक्टिवेट रख सकते हैं और जब चाहें सबस्क्रिपशन आगे जारी नहीं रखने का फैसला कर सकते हैं। 

एप्पल की आईफोन उत्पाद विपणन की वैश्विक उपाध्यक्ष कायन ड्रेंस ने कहा, "हमारे एप्पलकेयर ग्राहकों को यह जानकर मानसिक सुकून मिलेगा कि उनके उत्पाद एप्पल विशेषज्ञों द्वारा सुरक्षित और समर्थित हैं। भारत में आज के अपडेट के साथ हम आईफोन के लिए हमारे सर्वाधिक परिपूर्ण कवरेज तक पहुंच के अलावा विश्वसनीय सुरक्षा प्राप्त करना आसान तथा अधिक किफायती बना रहे हैं।" 

एप्पलकेयर प्लस हर साल चोरी या गुम होने की अधिकतम दो घटनाओं के लिए कवरेज प्रदान करता है। कंपनी ने बताया कि ग्राहक के आईफोन के खो जाने या चोरी हो जाने की स्थिति में अतिरिक्त अश्योरेंस के अलावा इस प्लान में एप्पलकेयर प्लस के पहले से जारी सभी लाभ मौजूद हैं जिन्हें उपयोगकर्ता जानते और पसंद करते हैं। 

इसमें बैटरी रिप्लेसमेंट सेवा, हर दिन चौबीसों घंटे प्राथमिकता के आधार पर मदद और ऑरिजिनल एप्पल पार्ट्स का उपयोग करके आकस्मिक क्षति के लिए असीमित मरम्मत शामिल है, जो एप्पल स्टोर्स और एप्पल के अधिकृत सेवा प्रदाताओं के विशाल नेटवर्क पर उपलब्ध है। 

आईफोन के लिए चोरी और खोने की स्थिति में कवरेज के साथ एप्पलकेयर प्लस प्लान 799 रुपये मासिक से शुरू होते हैं। ग्राहक अपने आईफोन, आईपैड या मैक पर सेटिंग्स ऐप से सीधे योग्य डिवाइसों के लिए सब्सक्रिप्शन के विकल्प देख सकते हैं और कवरेज के लिए भुगतान कर सबस्क्राइब कर सकते हैं। कवरेज तुरंत शुरू हो जाता है।

ये भी पढ़े :  
इंस्टा से कॉन्टेक्ट कर बनाया शिकार, जालसाजों का नया हथियार...ठगे 9 लाख, कस्टमर केयरकर्मी और क्रेडिट कार्ड के जरिए पैसे किये पार 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.