Samsung ने एसी मार्केट में मचाया धमाल, मार्च से ही किया बाजार पर कब्जा

नई दिल्ली, अमृत विचारः उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग इंडिया ने तेजी से बढ़ते रूम एयर कंडीशनर (घरों में इस्तेमाल होने वाले एसी) बाजार में अपनी बिक्री दोगुनी कर ली है। इसके साथ ही जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 10 प्रतिशत हो गई है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। रूम एसी खंड में वापसी करने वाली कंपनी ने अपने ‘बेस्पोक एआई विंडफ्री’ एसी शृंखला के तहत 19 मॉडल पेश किए हैं। इनमें ठंडक के अनुभव के लिए उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी का उपयोग किया गया है। 

सैमसंग इंडिया के डिजिटल उपकरण कारोबार के उपाध्यक्ष गुफरान आलम ने कहा, “मार्च तिमाही में जोरदार वृद्धि हुई है और हम दोगुना की दर से बढ़ रहे हैं। वास्तव में हमारा आंतरिक अनुमान कहता है कि पहली तिमाही में हम बाजार के 10 प्रतिशत होंगे, जो पिछले साल की इसी तिमाही से लगभग दोगुना है।” उन्होंने कहा, “हमें विश्वास है कि हम उद्योग में सबसे ज्यादा वृद्धि करेंगे, और बेहतर वृद्धि के साथ हमारे पास बाजार हिस्सेदारी अच्छी होगी।” उन्होंने कहा कि कंपनी का अनुमान है कि इस रूम एसी उद्योग में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि होगी और सैमसंग इसमें सबसे आगे होगी। कंपनी ने अपने वितरण क्षेत्र में भी 40 प्रतिशत की वृद्धि की है तथा किफायती मूल्य पर कमरे वाले एसी की खरीद के लिए ईएमआई (मासिक किस्त) उपलब्ध कराने को अग्रणी वित्तीय संस्थानों के साथ साझेदारी की है। आलम ने कहा कि सैमसंग विपणन और ब्रांडिंग में भी काफी निवेश कर रही है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विवरण साझा नहीं किया। आलम के अनुसार, सैमसंग के एसी की कीमत 32,990 रुपये से शुरू होकर 60,900 रुपये तक जाती है। 

यह भी पढ़ेः शिवभक्त बन बुराइयों का नाश करेंगी तमन्ना, 'ओडेला 2' का धमाकेदार ट्रेलर हुआ रिलीज

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.